Fatehpur: सड़क हादसे में ममेरे ससुर और दामाद की मौत, डिवाइडर से टकराने के बाद नहर में गिरने से गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फतेहपुर जिले के चौडगरा में डिवाइडर से टकराने के बाद बाइक सवार युवक अपने ममेरे ससुर के साथ नहर में जा गिरा। दोनों सोमवार को पूरी रात नहर में पड़े रहे। हादसे में दोनों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने सुबह देखा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के कोरसम मवइया गांव निवासी विनय सविता (26) सैलून का संचालक था। वह सोमवार शाम कानपुर किदवईनगर थाने के भाभानगर निवासी ममेरे ससुर श्यामू सविता (32) के साथ बाइक से चौडगरा कस्बे में कुछ सामान खरीदने जा रहा था। कल्यानपुर थाने के पहुर-खजुहा मार्ग पर अदमापुर नहर पुल के पास किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार पुल के डिवाइडर से टकरा कर नहर के पानी में गिरे।
दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर बाइक के नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी। मृतक विनय के पिता शिवबिहारी ने बताया कि बेटे की शादी चार साल पहले कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गांव जुगतखेड़ा निवासी रमेश सविता की बेटी रोशनी के साथ हुई थी। उसकी एक तीन साल बेटी सलोनी है। हादसे से पत्नी रोशनी रो-रोकर बदहवास हो गई। पति की मौत से परिवार की रोजी-रोटी का सहारा छिन गया है। विनय अपने परिवार का इकलौता चिराग था। बेटे की मौत से पिता बेहोश हो गए। श्यामू अविवाहित था। बिंदकी सीओ परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।