Kanpur: तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत, एक को बचाने के चक्कर में दूसरा भी डूबा, गांव में पसरा मातम
Kanpur News: ग्रामीणों ने बताया कि दीपक पानी में डूब रहा था और उसे बचाने में सोनू भी डूब गया। आनन-फानन उन्हें सीएचसी लेकर आया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है।
विस्तार
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र में तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों को तालाब से निकलवाकर सीएचसी, घाटमपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के घुरऊपुर गांव निवासी सोनू (17) पुत्र उजियारीलाल और दीपक (16) पुत्र लालता प्रसाद अपने कुछ दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए थे। सुबह 11 बजे सारे दोस्त लौट आए, लेकिन दोनों नहाते रहे। कुछ देर बाद अचानक दीपक डूबने लगा।
इस पर सोनू उसको बचाने गया, लेकिन असफल रहा। दोनों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक कोई आता दोनों की डूबने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को सीएचसी लेकर आई, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सीएचसी में डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित करने पर पुलिस द्वारा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे से दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दो मौतों से गांव में मातम पसरा है।
सोनू को आता था तैरना
परिजनों के अनुसार, दीपक और सोनू समेत सात-आठ दोस्त खेलते-खेलते तालाब नहाने पहुंच गए। दीपक को तैरना नहीं आता था। वहीं, सोनू तैरना जानता था, इसलिए उसको बचाने लगा। काफी प्रयासों के बाद वो उसे बाहर नहीं निकाल पाया। ना वह दूसरे को बचा पाया और ना खुद को। तालाब में डूबकर दोनों की मौत हो गई।