चित्रकूट में दर्दनाक हादसा: दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत...अचानक लगी आग, एक चालक जिंदा जला और दूसरा घायल
Chitrakoot News: कोठी थाना प्रभारी रोहित यादव ने बताया कि ओवरटेक के दौरान रात दो बजे दुर्घटना हुई थी। फायर ब्रिगेड तुरंत पहुंच गई थी। इसके अलावा मानिकपुर सतना मार्ग पर केला लदा ट्रक पलट गया।
विस्तार
चित्रकूट जिले में सतना-चित्रकूट हाईवे पर ठाढ़ी पाथर के पास दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद आग लग गई। एक ट्रक की केबिन में फंसा चालक जिंदा जल गया, जबकि दूसरे ट्रक का चालक घायल है। कुछ देर में ही दमकल के दो वाहन पहुंचे और आग बुझाई।
गुरुवार को जा रहे एक ट्रक में फर्नीचर लदा था, जबकि दूसरे में गिट्टी लदी थी। जिले की सीमा क्षेत्र के पास कोठी थाना के ठाढ़ी पाथर के पास हुए हादसे में फर्नीचर लदे ट्रक में आग लग गई। हरियाणा के जिला नूह निवासी अलीम खान (25) केबिन से नहीं निकल पाया और जिंदा जल गया।
गिट्टी लदे ट्रक का चालक मध्य प्रदेश के जिला रीवा के सेमरिया निवासी रामजतन कोल गंभीर रूप से घायल हो गया। आग की लपटें उसके ट्रक तक पहुंच गई थीं पर वह समय रहते बाहर निकल आया था। पुलिस ने उसे सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
ओवरटेक के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा
कोठी थाना प्रभारी रोहित यादव ने बताया कि रात दो बजे दुर्घटना हुई थी। फायर ब्रिगेड तुरंत पहुंच गई थी। इसके अलावा मानिकपुर-सतना मार्ग पर केला लदा ट्रक पलट गया। महाराष्ट्र के जलगांव निवासी ट्रक चालक गणेश ने बताया कि ओवरटेक के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें वह और परिचालक बाल-बाल बच गए।