Hamirpur: कलह से तंग आकर युवक कुएं में कूदा...मौत, बचाने में साथी भी घायल, फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू कर निकाला
Hamirpur News: मझगवां एसओ अजीत सिंह ने बताया कि जांच में गृह कलह और शराब के नशे में युवक कुएं में कूदा था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
विस्तार
हमीरपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में गृह कलह से तंग आकर युवक ने घर के पास बने 80 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। उसको बचाने उतरा साथी भी रस्सी टूटने से गिरकर घायल हो गया। नौ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक को मृत अवस्था में बाहर निकाला जा सका।
मझगवां थाना क्षेत्र के मलेहटा गांव निवासी धीरेंद्र अहिरवार उर्फ धीरू (30) ने रविवार को गृह कलह से तंग आकर घर के पास हरिजन बस्ती मातनपुरा कुआं में छलांग लगा दी। यह देख वहां मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। धीरू को निकालने के लिए गांव के मानसिंह रैकवार (40) रस्सी के सहारे कुएं में उतर रहे थे।
तभी 40 फीट नीचे पहुंचने पर रस्सी हाथों से छूटने के कारण मानसिंह भी कुएं में गिर पड़े। सूचना पर पहुंचे मझगवां एसओ अजीत सिंह व फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मानसिंह को घायल अवस्था में कुएं से बाहर निकाल सीएचसी नौरंगा में भर्ती कराया, जहां से मेडिकल कॉलेज उरई भेज दिया गया।
नौ घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हमीरपुर से फायर ब्रिगेड के सीओ रेहान टीम के साथ गांव पहुंचे। यहां नौ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद धीरू को कुएं से बाहर निकाला जा सका। जब तक उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतक के छोटे भाई रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि भाई द्वारा कुएं में छलांग लगाने का कारण उन्हें ज्ञात नहीं है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आरोप लगाया कि टीम द्वारा ग्रामीणों को कुएं में उतरने के लिए दबाव बनाती रही। यदि टीम द्वारा जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन कर बाहर निकाल लेते तो उनका भाई जीवित बच सकता था। मझगवां एसओ अजीत सिंह ने बताया कि जांच में गृह कलह व शराब के नशे में युवक कुएं में कूदा था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।