फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Three suspects in custody for raping, murdering and burning the dead body of a girl

बालिका से दुष्कर्म, हत्या व शव जलाने में तीन संदिग्ध हिरासत में

Sat, 03 Jul 2021 12:57 AM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Sat, 03 Jul 2021 12:57 AM IST
विज्ञापन
Three suspects in custody for raping, murdering and burning the dead body of a girl
कानपुर देहात/संदलपुर। मंगलपुर क्षेत्र के एक गांव में बालिका को सोते समय अगवा कर दुष्कर्म करने तथा हत्या के बाद शव जलाने के मामले में पुलिस गांव के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं शुक्रवार को डीएम-एसपी ने गांव पहुंचकर बालिका के परिवारीजनों से मुलाकात की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी वारदात के बाबत पूछताछ की।
विज्ञापन

मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात दरिंदे अनुसूचित जाति की बालिका को सोते समय चारपाई समेत उठा ले गए थे। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया तथा हत्या कर शव भी जला दिया। गुरुवार सुबह गांव के बाहर बाग में बालिका का अधजला शव मिला। सूचना पर एडीजी भानु भास्कर, आईजी मोहित अग्रवाल व एसपी केके चौधरी ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन

पिता ने अज्ञात लोगों पर दुष्कर्म व हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने शुक्रवार को गांव के तीन लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दोपहर में गांव पहुंचे डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह व एसपी केके चौधरी ने बालिका के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व शासकीय सहायता राशि दिलाने की बात कही। इसके बाद डीएम-एसपी ने घटनास्थल का भी जायजा लिया और ग्रामीणों से भी जानकारी ली। सीओ डेरापुर आशापाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस पर रिश्तेदारों को परेशान करने का आरोप
संदलपुर। बालिका की हत्या कर शव जलाने के मामले में पुलिस के शक की सुई परिजन व रिश्तेदारों के आसपास घूम रही हैं। पुलिस उसी को आधार मानकर परिवारीजनों से कड़ी पूछताछ में जुटी है। परिवारीजनों की मानें तो गांव में रहने वाले रिश्तेदारों के अलावा डेरापुर क्षेत्र के संबंधियों के यहां भी पुलिस ने दबिश दी। बालिका के माता-पिता ने शुक्रवार को गांव पहुंचे डीएम व एसपी से पुलिस पर पूछताछ के नाम परिजन व रिश्तेदारों को परेशान करने का आरोप लगाया।
बालिका को मिली थी धमकी, पर पुलिस ने नहीं की थी कार्रवाई
संदलपुर। बालिका की दुष्कर्म व हत्या के मामले में परिवारीजनों ने गांव के ही एक युवक पर संदेह जताया है। मृतका की मां ने डीएम व कांग्रेस जिलाध्यक्ष को बताया कि उनके घर में करीब तीन माह पहले चोरी हुई थी। घटना की रात बालिका ने गांव के एक युवक को पहचानने की बात कही थी।
उलाहना देने पर युवक ने बालिका को घर से उठा ले जाने की धमकी भी दी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर भी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों के शक जताने पर भी पुलिस आरोपी से पूछताछ करने की जहमत नहीं उठा रही। एसपी ने संदिग्धों से पूछताछ व सभी बिंदुओं पर पड़ताल की बात कही है।
घरों में नहीं जले चूल्हे, गलियों में सन्नाटा
संदलपुर। बालिका की हत्या व शव जलाने की वारदात के दूसरे दिन शुक्रवार को गांव के अधिकांश घरों में चूल्हे नहीं जले और गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस के आने पर गांव में सायरन की आवाज से सन्नाटा टूटता रहा। मृतका के माता-पिता रो-रोकर अफसरों से हैवानियत करने वाले दरिंदों को फांसी पर लटकाने की मांग करते रहे। गांव में ऐहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
परिवारीजनों से मिले कांग्रेस व सपा के पदाधिकारी
संदलपुर। कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष नरेश कटियार शुक्रवार को कार्यकर्ताओं के साथ बालिका के गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बालिका के साथ हैवानियत दिखाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाए।
सीओ डेरापुर आशापाल सिंह से मिलकर एक सप्ताह में घटना का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजने की मांग की। वहीं शाम को सपा की पूर्व विधायक मिथलेश कटियार ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।
दरिंदों ने पुलिस को भटकाने के लिए हर मोर्चे पर रचा खेल
कानपुर देहात। बालिका को सोते हुए चारपाई सहित उठाने के बाद दुष्कर्म, हत्या व शव जलाने में दरिंदों ने पूरी रूपरेखा बनाकर घटना को अंजाम दिया है। जिससे पुलिस भ्रमित रहे और असली आरोपियों तक न पहुंचे सके।
बालिका का शव अधजली अवस्था में गुरुवार सुबह आम के बाग में जिस जगह मिला वहां के आसपास की घास-फूस पूरी तरह से सलामत है। अगर वहीं पर शव को जलाया गया होता तो अन्य पेड़-पौधे भी झुलस जाते। ऐसे में आशंका जताई जा रही कि बालिका का शव कहीं और जलाने के बाद उसे बाग में फेंक दिया गया। वहीं दूसरा पहलू चारपाई भी उजागर कर रही है।
बालिका का शव सीने से लेकर सिर तक जला पाया गया, जबकि चारपाई एक ओर करीब आधा फीट हिस्से में ही जली पाई गई। साथ ही चारपाई जिस जगह पर मिली, वहां पर भी पेड़-पौधे व घासफूस सलामत नजर आए। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच-पड़ताल करने में जुटी हुई है।

वहीं एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि मामले में वारदात को कहीं और अंजाम देने की बात सामने आ रही है। जिसमें किसी करीबी या बालिका की हर गतिविधि पर नजर रखने वाले का हाथ होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों व सभी बिंदुओं पर विवेचना कर रही है। सभी साक्ष्यों को आपस में जोड़ा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed