Kanpur Outer Police: 19 माह में रहे तीन कप्तान, दागियों से चर्चा में रही आउटर पुलिस, ये मुद्दे बनेंगे चुनौती
शासन की मुहर के बाद आउटर पुलिस व्यवस्था खत्म हो गई है और सभी थाने कमिश्नरी में शामिल हो गए हैं। आउटर के 14 थाने अब कमिश्नरी में हैं, जहां डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी की तैनाती होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर आउटर पुलिस व्यवस्था 19 महीने लागू रही। प्रणाली लागू होने के बाद आईपीएस अष्टभुजा प्रसाद सिंह को पहला कप्तान बनाया गया था। सात महीने का उनका कार्यकाल रहा था। इसके बाद आईपीएस अजीत सिन्हा (वर्तमान में एसपी अंबेडकरनगर) को आउटर एसपी बनाया गया था।
अजीत सिन्हा का कार्यकाल सात महीने का ही रहा था। पिछले पांच महीने से आईपीएस तेज स्वरूप सिंह एसपी आउटर हैं। शासन जल्द ही अफसरों को इधर उधर करेगा। जो भी आउटर एसपी रहे वह प्रमोटी आईपीएस थे। आउटर में अवैध खनन, जमीनी विवाद ज्यादा होते हैं, जो कमिश्नरी के लिए भी चुनौती होंगे।
दाग लगे, चर्चा में रही आउटर पुलिस
- सजेती में लखनऊ की टीम ने अवैध खनन का मामला पकड़ा था। आरोपी का मोबाइल पुलिसकर्मियों ने गायब कर दिया था। हाल ही में तीन पुलिसकर्मी शासन के आदेश पर निलंबित किए गए थे।
- बिधनू में तीन दरोगाओं ने वसूली के फेर में एक कारोबारी के घर पर आधी रात को धावा बोल दिया था। तीनों दरोगा निलंबित किए गए थे।
- बिधनू में दो किशोरों को दो दरोगा व एक सिपाही उठा ले गए थे। जमकर पीटा था, यहां भी वसूली का प्रयास था। जब बवाल हुआ तो ये पुलिसकर्मी निलंबित किए गए थे।
- बीते सप्ताह बिधनू पुलिस हिरासत में दलित शख्स की मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे।
अफसरों के लिए बढ़ेगी चुनौती
कमिश्नरी में भले ही थानों की संख्या 38 थी, लेकिन क्षेत्र आउटर से कम था। क्राइम रेट आउटर में हमेशा से ज्यादा रहा है। कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने से पहले भी यही हाल था। अब जब ये थाने कमिश्नरी में शामिल हो गए हैं, तो यहां के अफसरों के लिए चुनौती बढ़ गई है।
कानपुर आउटर पुलिस व्यवस्था को खत्म कर दिया गया है। अब पूरा जिला पुलिस कमिश्नरी में शामिल हो गया है। जिले के सभी 52 पुलिस थाने कमिश्नरी के अंतर्गत होंगे। कैबिनेट में गुरुवार को इसका प्रस्ताव पास हो गया। जिस क्षेत्र में आउटर के अफसर थे।
अब वहां पर नए डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी की तैनाती की जाएगी। शहर में अब पुलिस कमिश्नर ही विभाग के मुखिया हैं। उनके बाद ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर, एडिशनल पुलिस कमिश्नर शीर्ष अफसर हैं। बता दें कि कमिश्नरी में पहले से ही 38 थाने हैं। अब पुलिस कमिश्नरी का दायरा बढ़ गया है, जिसमें 52 थाने हैं।