अजब चोर-गजब चोरी: पहले ट्रक हुआ चोरी...दो किमी दूर मिला, पहिए और डीजल समेत ले गए ये सामान
भटौली गांव में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के बाहर से चोरों ने दस चक्का ट्रक चोरी कर लिया। इसके बाद दो किलोमीटर दूर जाकर पहिये, रिम, बैटरी और डीजल चोरी किया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और चोरों की तलाश जारी है।
विस्तार
कानपुर देहात में रूरा थाना क्षेत्र के भटौली गांव में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के बाहर खड़ा दस चक्का ट्रक शुक्रवार की रात चोरों ने चुरा लिया। यहां से करीब दो किलोमीटर दूर गहोवा गांव के पास ट्रक खड़ा कर उसके सभी पहिये, रिम, बैटरी व डीजल निकाल कर वाहन को वहीं छोड़ दिया।
ट्रक मालिक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। भटौली निवासी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि उनका दस चक्का ट्रक गिट्टी लेकर गांव स्थित दुकान पर आया था। शुक्रवार की रात करीब दस बजे गिट्टी उतारने के बाद चालक उमा शंकर ट्रक खड़ा करके घर चला गया।
शनिवार की सुबह उमाशंकर ट्रक लेने दुकान पर गया, तो वह गायब मिला। इसके बाद चालक से ट्रक चोरी की सूचना मिलते ही तलाश शुरू की गई। इस दौरान ट्रक गहोवा गांव के पास मिला। इसके दसों टायर रिम समेत गायब थे। डीजल और बैटरी भी चोर ले गए।
चोरों की तलाश जारी, जल्द होगी गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। ट्रक मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। मामले में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही खुलास कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ट्रक के पहिए में लगी आग, मचा हड़कंप
वहीं, घाटमपुर क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित सिहारी स्कूल के सामने अचानक ट्रक के पहिए में आग लग गई। आग की लपटें देखकर चालक ने दमकल को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया,जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
देखते ही देखते तेज हो गईं लपटें
जिला बलरामपुर के रमईडीह गांव निवासी ट्रक चालक दीपक वर्मा अपने साथी क्लीनर कृष्ण यादव निवासी परसपुर कमदा के साथ गिट्टी लोड करने कबरई जा रहा था। रास्ते में सिहारी स्कूल के पास चालक ने गाड़ी तो उन्हें टायर से धुंआ दिखाई दिया, देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं।
दमकल कर्मी ने पाया काबू, नहीं हुआ बड़ा नुकसान
चालक ने आनन फानन में दमकल कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके में पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। लेदर चिपकने से टायर में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल जांच की जा रही है।