चौकी में चोरी का मामला: तीन फरार आरोपियों पर पुलिस ने रखा इनाम, युवक को अंधा कर भीख मंगवाने वाले भी शामिल
बिधनू की न्यू आजाद नगर चौकी में चोरी का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ है। वहीं, तीन फरार आरोपियों पर पुलिस ने इनाम रखा है। फरार आरोपियों में दरोगा की पिस्टल चोरी करने और युवक को अंधा कर भीख मंगवाने वाले शामिल हैं।
विस्तार
कानपुर में बिधनू की न्यू आजाद नगर चौकी से चौकी इंचार्ज की पिस्टल चुराने की घटना में फरार आरोपी तौफीक पर पुलिस ने 25 हजार के इनाम की घोषणा की है। बिधनू थाने से रिपोर्ट आने के बाद डीसीपी साउथ ने आरोपी पर इनाम घोषित कर दिया है।
इधर पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि पिस्टल का सौदा 35 हजार रुपये में कर दिया गया था। आरोपी पकड़े न जाते तो पिस्टल गम्मू खां हाता पहुंचने वाली थी। चौकी से पिस्टल चोरी की घटना में पुलिस ने शेखू और फैज को गिरफ्तार किया था। उनसे बिधनू में ही पिस्टल की बरामदगी हुई।
उसी पिस्टल से शेखू ने फायर किया था। जिसमें जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया था। इन दोनों के साथ तीसरा आरोपी तौफीक भी शामिल था। वह वर्तमान में फरार है। डीसीपी साउथ प्रमोद कुमार के मुताबिक तौफीक पर 25 हजार के इनाम की घोषणा की गई है।
इसके अलावा डीसीपी साउथ ने नौबस्ता निवासी सुरेश मांझी (30) को नौकरी का झांसा देकर अंधा करने और भीख मंगाने के मामले में फरार चल रहे मछरिया निवासी विजय और किदवईनगर निवासी तारा उर्फ तारावती के खिलाफ 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
कुछ दिन पहले फरार आरोपियों की लोकेशन विजयनगर नटवन टोला में मिली थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी फरार हो गए थे। दोनों बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहे हैं। फिलहाल पुलिस के नंबरों को सर्विलांस पर लगाया है और मोबाइल नंबर चालू होने का इंतजार कर रही है।
बता दें कि बिधनू में चोरों ने पुलिस चौकी न्यू आजाद नगर में ही हाथ साफ कर लिया। बुधवार रात चोरों ने चौकी को निशाना बनाते हुए गहरी नींद में सो रहे चौकी प्रभारी सुधाकर पांडे के बगल से उनका बक्सा चोरी कर ले गए।बक्से में चौकी प्रभारी का सरकारी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस समेत अन्य सामान था।