Hamirpur: पति ने ग्रांइडर मशीन से रेता अपना गला, पत्नी के मायके जाने से था नाराज, सीओ बोले- गहनता से होगी जांच
Hamirpur Crime: सीओ विवेक यादव ने बताया की प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने रक्षाबंधन की रात लोहा काटने वाली ग्राइंडर मशीन से गला काट कर जान दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, मौके से बिजली से चलने वाली ग्राइंडर मशीन को बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, मुस्करा थाने के तगारी गांव निवासी मैकेनिक कमलेश गुप्ता (40) की पत्नी एक माह पूर्व बिना बताए चार बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी। इस दौरान कमलेश ने कई बार पत्नी को घर लाने की कोशिश की, लेकिन वह घर आने को तैयार नहीं थी।
कमलेश के भाई राकेश ने बताया कि पत्नी के मायके जाने के बाद से भाई तनाव में रहने लगा था। कई माह पूर्व तक वह कबरई में टायर पंक्चर की दुकान किए थे। उसे बंद करके घर लौट आया था। बुधवार की रात करीब 9.30 बजे कमलेश ने खुद को घर में बंद कर लिया।
ग्राइंडर मशीन से रेता अपना गला
इसके बाद लोहा काटने वाली ग्राइंडर मशीन से गला रेत लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कमलेश अलग रहता था, तो किसी को इस घटना की भनक भी नहीं लगी। सुबह उसके दरवाजे के बाहर खून देख ग्रामीणों का माथा ठनका। उन्होंने कमलेश के भाई राकेश को सूचना दी।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इसके बाद मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्य दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए, तो वहां का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। कमरे में चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। बेड के पास ही ग्राइंडर पड़ा था। सीओ विवेक यादव ने बताया की प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।