Farrukhabad: युवक ने छह साल की मासूम से किया दुष्कर्म, बरात देखने गई थी बालिका, आरोपी की तलाश में दबिश
Farrukhabad Crime: मासूम से दुष्कर्म की सूचना पर एएसपी डॉ. संजय कुमार व सीओ अमृतपुर रवींद्र नाथ राय मौके पर पहुंचे। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर कस्बे में बरात देखने गई छह वर्ष की बालिका को एक युवक उठा ले गया। इसके बाद मासूम से दुष्कर्म किया। बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एएसपी व सीओ अमृतपुर ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
बालिका व परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। युवक पहले भी कई बार छेड़छाड़ के मुकदमे में जेल जा चुका है। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की पुत्री की बुधवार रात बरात आई थी।
बालिका छत से गांव के अन्य बच्चों के साथ बरात देख रही थी। उसी दौरान बारिश होने पर सभी बच्चे चले गए, लेकिन बालिका वापस नहीं आई। इसके बाद परिजन उसकी खोज करते रहे। रात लगभग 11.30 बजे बालिका मंदिर की ओर से आती दिखाई दी।
मिट्टी से सने हुए थे कपड़े
परिजनों के पूछने पर बालिका ने बताया कि एक युवक उसको कंधे पर लादकर दूर खेत में ले गया। उसने वहां उसके साथ गलत काम किया। बालिका के कपड़े मिट्टी से सने हुए थे। परिजनों ने मोबाइल पर गांव के मल्लू का फोटो बालिका को दिखाया।
मासूम ने फोटो देखकर आरोपी को पहचाना
बालिका ने फोटो देखकर मल्लू की पहचान दुष्कर्म करने वाले युवक के रूप में कर ली। पिता की तहरीर पुलिस ने मल्लू पर मुकदमा दर्ज कर लिया। एएसपी डॉ. संजय कुमार व सीओ अमृतपुर रवींद्र नाथ राय मौके पर पहुंचे। एएसपी डॉ संजय कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।