Chitrakoot: मायके जाने की जिद कर रही थी महिला, पति से लड़ाई के बाद पीया मोबिल ऑयल...मौत, जांच में जुटी पुलिस
Chitrakoot Crime: थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि महिला की हालत तेल पीने से गंभीर हो गई थी और इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। अभी तक उसके मायके पक्ष से किसी भी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है।
विस्तार
चित्रकूट जिले में रैपुर थाना क्षेत्र केलोरी गांव में एक महिला ने जला मोबिल ऑयल पीकर अपनी जान दे दी। महिला की मृत्यु की जानकारी पर उसके मायके पक्ष और ससुराल में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बता दें कि सावित्री (22) की सोमवार को मायके जाने के लिए पति राधेश्याम से लड़ाई हुई थी। राधेश्याम उसे अपनी ससुराल लेकर सोमवार को लोधौरा पहुंच गया। यहां दो-तीन घंटे रुकने के बाद राधेश्याम उसे अपने साथ अपने घर ले आया। राधेश्याम ने बताया कि घर आते मैं खेत तरफ चला गया।
इसी दौरान सावित्री ने एक लोटा तेल पी लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घर वालों ने राधेश्याम को सूचना दी। आनन फानन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सावित्री और राधेश्याम की शादी चार महीने पहले हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला होगा साफ
इस संबंध में थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि महिला की हालत तेल पीने से गंभीर हो गई थी और इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। अभी तक उसके मायके पक्ष से किसी भी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामला साफ हो जाएगा।