Etawah: सिपाही ने पिता और भाई पर तानी राइफल, इस कारण हुई घर मं 'महाभारत', चार पर मुकदमा
उत्तर प्रदेश के इटावा में रिसोर्ट पर कब्जे को लेकर एक सिपाही ने पिता और भाई पर भी रायफल तान दी। एसएसपी के आदेश पर आरोपी सिपाही समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विस्तार
इटावा जिले में रिसोर्ट पर कब्जे के लिए सिपाही ने घर में घुसकर पिता और भाई से गाली गलौज कर उन पर राइफल तान दी। घटना को एक व्यक्ति ने कैमरे में कैद कर लिया। शुक्रवार को पीड़ित ने एसएसपी जय प्रकाश सिंह से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर सिपाही सहित चार लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
फ्रेंड्स कॉलोनी शिवा नगर निवासी सत्यपाल ने बताया कि उनका छोटा बेटा जगपाल पुलिस विभाग में सिपाही है और अलीगढ़ में तैनात है। बेटा दतावली में बने रिसोर्ट पर कब्जा करना चाहता है। इसको लेकर पहले भी कई बार वह विवाद कर चुका है।
दो दिन पहले जगपाल कुछ साथियों के साथ आया और घर में घुसकर बड़े बेटे यशपाल से गालीगलौज कर मारपीट करने लगा। इस दौरान बीच बचाव करने गए, तो उसने राइफल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। सत्यपाल ने बताया कि बेटे यशपाल के पास रोजगार नहीं है, जिसके लिए उसे रिसोर्ट बनाकर दिया है।
शनिवार को पीड़ित ने एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने मामले की शिकायत की थी। एसएसपी के आदेश पर आरोपी सिपाही जगपाल, ऊसराहार के नगला खड़ग निवासी सुरेंद्र सिंह, आकाश और फ्रेंड्स कॉलोनी अशोक नगर निवासी विपिन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई राजेश कुमार को सौंपी गई है।