सनकी पति बना काल: ग्रामीणों पर भी हो जाता था हमलावर, दहशत से कोई नहीं खोल रहा जुबान, जानें पूरा मामला
Hamirpur Murder: मझगवां थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सनक के चलते आरोपी ग्रामीणों पर हमलावर हो जाता था। दहशत से ग्रामीण जुबान नहीं खोल रहे हैं।
विस्तार
हमीरपुर जिले में जिंदगी के हर कदम पर पति का साथ निभाने वाली इटौरा गांव की शांति ने कभी सोचा नहीं होगा कि उनका हमसफर ही उन्हें मौत की नींद सुला देगा। मौत बनकर सामने खड़े पति को देख उनकी आंखें फटी रह गईं। वहीं सनकी पति ने रिश्ते का खून बहाने में देर नहीं लगाई।
मझगवां थाने के इटौरा गांव निवासी शांति शुक्रवार रात अपने पति हरगोविंद पाल के साथ खेत पर गेहूं की मढ़ाई करतीं रहीं। शनिवार सुबह खेत से अनाज घर लाईं। दोपहर करीब 12 बजे पति के लिए खाना बना रहीं थीं। आटा गूंथते समय पति कुल्हाड़ी लेकर सामने पहुंचा।
पत्नी पर गांव की दुकान में अनाज बेचने का आरोप लगाया। जिस पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। विवाद से आक्रोशित हरगोविंद ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिया। तड़पते हुए शांति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी को मौत की नींद सुलाने के बाद हरगोविंद बकरियां लेकर खेतों की ओर चला गया।
आरोपी को नहीं है पछतावा
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी उसमें कोई पछतावा नहीं दिखा। उसने खुद हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी की जानकारी दी। आरोपी का कहना है उसकी पत्नी चोरी छिपे अनाज बेच देती थी, जिससे उसने हत्या कर दी। वहीं ग्रामीणों ने बताया आरोपी सनकी है। झगड़ा फसाद के डर से कोई भी उससे बात नहीं करता था।
सप्ताह भर में दूसरी बार रिश्तों का हुआ कत्ल
बता दें कि एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार अपनों ने ही रिश्तों का कत्ल कर दिया। दोनों घटनाओं में एक समानता है कि दोनों में ही कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतारा गया है। 10 अप्रैल को सिमनौड़ी गांव में जमीन बेचने के शक में बेटे और पौत्र ने मिलकर वृद्ध पिता की हत्या कर दी थी।
गेहूं बेचने के चलते हुआ विवाद
वहीं शनिवार को जीवन भर साथ रहने का वादा करने वाले पति ने पत्नी को महज दुकान में गेहूं बेचने के चलते उसे मौत के घाट उतार दिया, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस ने हत्यारोपी को हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया है।
खाना बनाते समय किया हमला
बता दें कि इटौरा गांव के प्रधान राजेंद्र सिंह राजपूत ने बताया शनिवार दोपहर गांव के हरगोविंद पाल का अपनी पत्नी शांति (55) से विवाद हो गया। आक्रोशित हरगोविंद ने खाना बनाने के लिए आटा गूंथ रही शांति पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।