UP NEWS: दंपति ने नवजात का नाम रखा बृजेश, नामकरण से गदगद हुए स्वास्थ्य मंत्री, बच्चे से मिलने आएंगे हमीरपुर
हमीरपुर महिला जिला अस्पताल में उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक की दखल के बाद भर्ती हुई गर्भवती महिला ने स्वास्थ्य बच्चे को जन्म दिया। इस पर दंपति ने उनके प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बच्चे का नाम बृजेश रख दिया। इससे मंत्री जी गदगद हो गए और ट्वीट कर बच्चे से मिलने जाने की के बारे में बताया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के हस्तक्षेप के बाद हमीरपुर जिला अस्पताल में भर्ती हुई गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। उसका सुरक्षित प्रसव कराया गया। इस मदद के लिए गरीब दंपती ने उपमुख्यमंत्री का न केवल आभार जताया है, बल्कि अपने बेटे का नाम भी बृजेश ही रख दिया।
इससे स्वास्थ्य मंत्री बेहद प्रसन्न हुए हैं और महिला जिला अस्पताल में जन्में नवजात बृजेश से मिलने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक हमीरपुर आएंगे। हालांकि अभी इसकी तिथि तय नहीं हुई है। वह जब भी आएंगे इस बच्चे से मिलेंगे। यह जानकारी उन्होंने ट्वीट करके साझा की है।
बता दें कि तीन से भटक रही गर्भवती को सूबे के उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के दखल भर्ती किया गया था। इसके बाद सपना ने बच्चे को जन्म दिया और उसकी झोली खुशियों से भर गई । बच्चे की मां सपना व पिता अखिलेश ने उसका नाम डिप्टी की पहल से प्रभावित होकर बृजेश रख दिया है।
इसकी जानकारी होने पर स्वास्थ्य मंत्री ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि नवजात शिशु का नामकरण बृजेश रखने पर आपने जो स्नेह और अपनत्व प्रकट किया है, उसका आजीवन आभारी रहूंगा। जब भी हमीरपुर आऊंगा बच्चे से जरुर मिलूंगा। बच्चे के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।
ये था मामला
महिला जिला अस्पताल में डॉक्टरों के बीच आपसी तकरार को लेकर मरीज पिस रहे हैं। 19 मई को शहर के मांझखोर रमेड़ी निवासी गर्भवती महिला ने अपने पति के साथ पहुंचकर जिलाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण त्रिपाठी से शिकायत की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया था, जिसका स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने संज्ञान लिया था। इसके बाद जो महकमा उन्हें तीन दिन से इलाज करने के टरका रहा था, वह उसकी आवभगत में जुट गया था। इसके बाद सपना ने बच्चे को जन्म दिया था।