फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   The first day of the Healthy Women, Strong Family campaign was a mere formality.

Kanpur News: स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान में पहले दिन हुई खानापूरी

Thu, 18 Sep 2025 01:34 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर Updated Thu, 18 Sep 2025 01:34 AM IST
विज्ञापन
The first day of the Healthy Women, Strong Family campaign was a mere formality.
सीएचसी हवासपुर में खराब रखी सीबीसी मशीन। संवाद
कानपुर देहात। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की बुधवार को सभी 12 सीएचसी, 18 पीएचसी, आरोग्य मंदिरों और मेडिकल कॉलेज में शुरुआत की गई। मेडिकल कॉलेज समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। मेडिकल कॉलेज में वृहद स्तर पर आयोजन हुआ, जबकि सीएचसी-पीएचसी में खानापूरी रही। कुछ जगहों पर जांच की सुविधा नहीं मिली तो कहीं पर स्वास्थ्यकर्मी नहीं आए। इससे इलाज कराने पहुंचे लोगों को मायूस लौटना पड़ा। हालांकि इसके अलावा कहीं-कहीं मरीजों के न पहुंचने से भी सन्नाटा पसरा रहा।
विज्ञापन

दरअसल पहले दिन अस्पतालों में लगे स्वास्थ्य शिविर की संवाद न्यूज एजेंसी ने पड़ताल की। पड़ताल में शिविरों में औपचारिकता होती मिली। कई अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक नजर नहीं आए। कुछ जगह जांच की समस्या रही। वहीं कुछ जगह स्वास्थ्य कर्मी भी नदारद रहे। इतना ही नहीं जांच व विशेषज्ञ न होने से कुछ केंद्रों पर दोपहर दो बजे के बाद सन्नाटा पसर गया। इस पर मरीज मायूस लौट गए। बता दें कि यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक संचालित होने थे। पहले दिन ही जिम्मेदारों ने लापरवाही बरती। हालांकि अधिकारी अलग-अलग तिथियों में वृहद शिविर लगाने व वहां विशेषज्ञों की उपस्थिति होने की बात कह रहे हैं।
विज्ञापन

बता दें कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के जन्मदिन यानि 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में चलाया जाना है। इसमें स्वास्थ्य विभाग को निर्देश थे कि सीएचसी, पीएचसी और आरोग्य मंदिरों में शिविर का आयोजन कर मरीजों का बेहतर उपचार किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

.......................
सीन-1
आयुष चिकित्सकों ने देखे मरीज
राजपुर। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बुधवार सुबह 10 बजे राजपुर पीएचसी में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ चेयरमैन अंशू त्रिपाठी ने फीता काट कर किया। पीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सक न होने पर आयुष चिकित्सक डॉ. शिव विनायक, डॉ अनूप द्विवेदी, डॉ आशीष मिश्रा व आकांक्षा मिश्रा ने 146 मरीज देखे। यहां पहुंचे भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह को जननी सुरक्षा कक्ष के बाहर गंदगी मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ को जानकारी दी। महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष मीना कटियार, पूर्व मंडल अध्यक्ष क्रांतिवीर सिंह, महिला मोर्चा की उमा कटियार आदि रहीं। (संवाद)
.................
सीन-2
रनियां पीएचसी में एक्स-रे की नहीं सुविधा
रनियां। सरवनखेडा सीएचसी से महिला विशेषज्ञ डॉ. मयूरी गुप्ता पहुंची। उन्होंने महिलाओं का इलाज किया। रनियां की दामिनी ने कई दिनों से पेट में दर्द की समस्या बताई। रनियां निवासी रंजना को जांच की सलाह दी गई। दोपहर दो बजे तक 102 मरीज पहुंचे। कई मरीज ऐसे पहुंचे जिन्हें एक्स-रे कराना था। मगर पीएचसी में एक्स-रे की सुविधा नहीं मिली। प्रभारी चिकित्साधिकारी विशाल भसीन ने बताया कि न्यू पीएचसी में एक्स-रे मशीन नहीं है। जिन मरीजों को एक्स-रे की जरूरत होती है, उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा जाता है। जबकि अन्य जांचों की सुविधा हैं। भाजपा नेता बालजी शुक्ला, अंशू तिवारी ने शुभारंभ किया। (संवाद)
.................
सीन-3
सीबीसी मशीन खराब, बिना जांच के लौटे मरीज
संदलपुर। सीएचसी हवासपुर में सीबीसी मशीन खराब होने से आठ मरीजों को बिना जांच के वापस लौटना पड़ा। शिविर में आए 98 मरीजों को एमबीबीएस डाॅ. कोमल, डाॅ, पवन गोयल, डाॅ. दिलीप सक्सेना ने देखकर उनका इलाज किया। यहां बुखार, उल्टी, दस्त के मरीज रहे। शिविर में बुखार से पीड़ित 14 मरीजों की मलेरिया, तीन मरीजों की डेंगू व पांच मरीजों की एचबीएसजी जांच की गई। सभी मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। इसके अलावा शिविर में दो मरीज टीवी के पाएं गए जिन्हें दवा दी। प्रभारी सीएचसी अधीक्षक गौरव पाल ने बताया कि मंगलवार को तकनीकी खामी आ गई थी गुरूवार को मशीन ठीक करा दी जाएगी। (संवाद)
.....................
सीन-4
नेत्र रोग विशेषज्ञ की खाली रही कुर्सी
रसूलाबाद। सेवा पखवाड़ा के तहत स्वस्थ नारी सशक्त परिवार कार्यक्रम में रसूलाबाद सीएचसी में इलाज के लिए 315 मरीजों ने पंजीकरण कराया। यहां नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका का कक्ष खाली रहा। आंखों की जांच के लिए मरीज उनका इंतजार करते रहे। गेट के बाहर खड़ी रामवती निवासी झींगा पूरवा ने बताया उसके सिर में दर्द की समस्या थी। नेत्र रोग विशेषज्ञ को दिखाने की सलाह दी गई थी। चिकित्सा अधीक्षक अमित सिंह ने नेत्र रोग विशेषज्ञ अस्वस्थ्य होने की जानकारी दी है। शिविर में क्षय रोग उन्मूलन, बाल विकास पुष्टाहार तथा कुष्ठ रोग व रक्तदान शिविर लगाए गए। रक्तदान शिविर में किसी का पंजीकरण नहीं हो पाया। यहां एसडीएम सर्वेश कुमार सिंह, सीओ सौरभ वर्मा, डॉ. अमित सिंह, डॉ. सौरभ शाक्य, डॉ. बृजेश आदि रहे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता व जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने पूर्व विधायक निर्मला संखवार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। (संवाद)
................
सीन-5
अकबरपुर सीएचसी में दोपहर बाद पसर रहा सन्नाटा
अकबरपुर सीएचसी में लगे शिविर में दोपहर दो बजे के बाद से सन्नाटा पसरा रहा। यहां पर दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष, डॉ. दीक्षांत बैठे मिले। पास में कोई मरीज नही था। विशेषज्ञ डॉक्टर भी नहीं दिखे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आईएच खान ने बताया कि सुबह के समय उन्होंने स्वयं मरीज देखे थे। गुरुवार को सीएचसी में वृहद स्तर पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहेंगे।

....................
वर्जन
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की बुधवार से शुरुआत की गई है। यह अभियान 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलना है। सीएचसी, पीएचसी, आरोग्य मंदिर पर शिविर लगाए गए। यहां लाइव प्रसारण भी दिखाया गया है। पहले दिन वृहद स्तर पर मेडिकल कॉलेज में शिविर किया गया है। सभी सीएचसी, पीएचसी पर अलग-अलग तिथि में रोस्टर के अनुसार वृहद स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिससे सभी जगह विशेषज्ञ उपलब्ध हो सके। पहले दिन जहां जो खामियां रहीं हैं, उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा। - डॉ. एके सिंह, सीएमओ
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed