UP: शव को भी नहीं बख्शा! मोर्चरी में शव के गहने भी चोरी, परिजन बोले- बाली व नाक का फूल है गायब, जानें मामला
Banda News: चिल्ला थाना क्षेत्र में कोचिंग जा रही साइकिल सवार छात्रा को ट्रक ने कुचल दिया था। साइकिल समेत छात्रा ट्रक में फंसकर 10 से 12 मीटर तक घिसट गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। जिला अस्पताल की मोर्चरी में छात्रा के शव से कान की बाली व नाक का फूल गायब मिले।
विस्तार
बांदा जिले में सड़क हादसे में हुई इंटर की छात्रा की मौत के बाद उसके शव से कान की बाली और नाक का फूल चोरी होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। दूसरे दिन थानाध्यक्ष चिल्ला ने जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस में जाकर जांच की। मोर्चरी हाउस के पीछे के हिस्से में लगी खिड़की में जाली व सरिया टूटी हुई मिली।
इसके बारे में उन्होंने अस्पताल प्रशासन से पूछताछ की। शक के आधार पर मोर्चरी हाउस के आसपास घूमने वाले एक राजू नाम के व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने में ले गईं। उधर, अस्पताल प्रशासन ने इस मामले में अपने स्टॉफ को क्लीन चिट दे दी। पुलिस जांच में बताया कि उनके स्टॉफ के लोग ऐसा कार्य नहीं कर सकते हैं।
चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव निवासी खुशी (17) को कोचिंग जाते समय डिघवट के घूरा मोड़ पर कानपुर की ओर आए ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इससे वह साइकिल समेत 12 मीटर तक घिसट गई थी। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन उसके शव को जिला अस्पताल लेकर आए थे।
परिजनों ने स्टॉफ पर जेवर चोरी होने का आरोप लगाया
यहां पंचनामा के दौरान शरीर में कपड़ों आदि की लिखापढ़ी के दौरान कान की बाली व नाक का फूल गायब होना पाया गया था। इस मामले में परिजनों ने आक्रोश जताते हुए अस्पताल स्टॉफ पर जेवर चोरी होने का आरोप लगाया था। मामले ने तूल पकड़ा तो जांच शुरू हुई। शनिवार को थानाध्यक्ष चिल्ला मोनी निषाद जिला अस्पताल की मोर्चरी हाउस पहुंची।
स्टॉफ को क्लीन चिट, राजू नामक युवक को पकड़ा
उन्होंने वहां जांच की। प्रभारी सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता व ट्रामा सेंटर के वरिष्ठ ईएमओ डॉ. विनीत सचान ने जिला अस्पताल के स्टॉफ को क्लीन चिट देते हुए बताया कि यह कृत्य उनके किसी कर्मचारी का नहीं है। उनकी निशानदेही पर मोर्चरी के आसपास घूमने वाले राजू नामक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
खिड़की में लगी जाली में लगी दो सरिया टूटी हुई पाई गईं
थानाध्यक्ष मोनी निषाद ने बताया कि राजू से पूछताछ की गई है, लेकिन कुछ निकलकर नहीं आया है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर उसे छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मोर्चरी के पीछे की खिड़की में लगी जाली में लगी, दो सरिया टूटी हुई पाई गईं हैं। इसे अस्पताल प्रशासन से सही कराने के लिए कहा गया है।