Shuklaganj News: सांड़ ने वृद्ध को सींग से उठाकर पटका...मौत, मुंडन संस्कार वाले घर में पसरा मातम
Shuklaganj News: ईओ नगर पालिका मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। सांड़ को पकड़ने के लिए एक टीम बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, मोहल्ला बिंदानगर के लोगों ने बताया कि छुट्टा सांड़ कई महीनों से यहां देखा जा रहा है। कई लोगों पर पहले भी हमला कर चुका है।
विस्तार
उन्नाव के शुक्लागंज में गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बिंदानगर में सोमवार की रात रिश्तेदार को घर के बाहर छोड़ने आए युवक को सांड़ ने सींग पर उठाकर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर में युवक की पोती का मुंडन संस्कार का जश्न मनाया जा रहा था। हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों में कोहराम मच गया। बिंदानगर निवासी रवि गुप्ता ने बताया कि सोमवार को उनकी चार साल की बेटी बिट्टी का मुंडन संस्कार कार्यक्रम का आयोजन घर पर चल रहा था।
घर पर नाते रिश्तेदार आए हुए थे। रात लगभग नौ बजे उनके पिता राधेश्याम गुप्ता (55) एक रिश्तेदार को छोड़ने के लिए घर से बाहर निकले। तभी मुख्य गेट के पास खड़े छुट्टा सांड़ ने पिता पर हमला कर दिया और सींग के बल पिता को जमीन पर पटक दिया।
हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं
गंभीर रूप से घायल पिता को बेहोशी की हालत में पास के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर के हैलट अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से कुछ देर पहले घर में खुशियों का माहौल था। इस हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं।
सांड़ को पकड़ने के लिए एक टीम बनाने के निर्देश
वहीं, इलाकाई लोगों ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को देने के साथ ही ईओ नगर पालिका को देने की बात कही। उधर, ईओ नगर पालिका मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। सांड़ को पकड़ने के लिए एक टीम बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका में तीन बार की जा चुकी है शिकायत
उधर, मोहल्ला बिंदानगर के लोगों ने बताया कि छुट्टा सांड़ कई महीनों से यहां देखा जा रहा है। कई लोगों पर पहले भी हमला कर चुका है, गनीमत रही कि उनकी जान बच गई। इसकी शिकायत नगर पालिका में तीन बार की जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
सभासद बोले- दो बार पकड़ा गया, लेकिन छोड़ दिया गया
वार्ड नंबर-25 बिंदानगर के सभासद अशोक सविता ने बताया कि दो बार उन्होंने नगर पालिका में शिकायत की। इस पर पालिका कर्मचारियों ने सांड़ को पकड़ा तो, लेकिन उसे गोशाला में न भेज कर कर्मचारियों ने कहीं बीच मार्ग पर ही छोड़ दिया। वह छूटते ही पुन: उसी मोहल्ले में आ गया और आज बड़ी घटना घट गई।