आखिर 10 साल की बच्ची ने क्यों चुन ली मौत, किसी के पास कोई जवाब नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दस साल की बच्ची के दिमाग-ओ-दिमाग में ऐसी कौन सी बात घर कर गई कि उसने मौत को गले लगा लिया। इसका जवाब किसी के पास नहीं है। बच्ची की आत्महत्या का ये मामला यूपी के कानपुर शहर का है।
कानपुर रेलबाजार में सोमवार को रेलवे कर्मी मनोज कुमार की बेटी लक्ष्मी (10) ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों का कहना है कि लक्ष्मी गुस्सैल और जिद्दी स्वभाव की थी, लेकिन उसके खुदकुशी करने की वजह पता नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोको नार्थ कालोनी निवासी मनोज कुमार रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। उसकी बेटी लक्ष्मी क्षेत्र के एक स्कूल में छठवीं कक्षा की छात्रा थी। मनोज ने पुलिस को बताया कि सुबह वह ड्यूटी पर गए थे। पत्नी बबिता सिंह और बेटी लक्ष्मी घर में थीं। दोपहर में बबिता घर के बाहर बैठकर अपना कामकाज निपटा रही थीं। उसी दौरान लक्ष्मी घर में गई और भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने बरामदे में दुपट्टे के सहारे पंखे के कुंडे से फांसी लगा ली। लक्ष्मी काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकली तो बबिता ने उसे आवाज दी। भीतर से आवाज नहीं आई। इसके बाद उन्होंने दरवाजे की दराज से झांक कर देखा तो लक्ष्मी फांसी पर लटक रही थी। उनके शोर मचाने पर कालोनी के लोग वहां जुट गए। एक युवक मकान की दीवार फांद कर भीतर गया और दरवाजा खोला। इसके बाद लक्ष्मी को फंदे से उतार कर पास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि लक्ष्मी के खुदकुशी की वजह परिवार के लोग नहीं बता सके हैं।