{"_id":"feb7f8745c0abcb2ff36241c9be2213d","slug":"tapon-handicapped-horse-on-the-road-trodden-to-death-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सड़क पर घोड़ों ने टापों से निशक्त को रौंदा, मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सड़क पर घोड़ों ने टापों से निशक्त को रौंदा, मौत
अमर उजाला ब्यूरो/कानपुर
Updated Mon, 18 Jan 2016 02:11 AM IST
विज्ञापन
कल्याणपुर के विनायकपुर में सड़क पर लड़ रहे घोड़ों ने निशक्त सुशील (22) को रौंद दिया जिससे उसकी मौत हो गई व उसकी मां जसमत देवी (58), गर्भवती सुनीता (25) सहित तीन लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
यह देख इलाके में भगदड़ मच गई। लोगों ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस भी औपचारिकता कर लौट गई। देर रात तक घोड़े इलाके में घूमते रहे।
विनायकपुर की जसमत देवी के पति राम प्रकाश का दो साल पहले निधन हो चुका है। वह अपने तीन बेटों निशक्त सुशील (22), पप्पू और मुकेश के साथ रहती हैं। जसमत रविवार देर शाम छोटे बेटे सुशील संग ट्राई साइकिल से सामान लेने जा रहीं थीं।
विज्ञापन
शिवपुरी गुरुकुल स्कूल के सामने दो घोड़े आपस में लड़ते हुए आए और मां-बेटे को टापों से रौंद दिया। सुशील सड़क पर गिर गया और एक घोड़े ने उस पर अपनी टापें रख दीं। जसमत भी बेहोश हो गईं। वहीं से गुजर रही गर्भवती सुनीता देवी (25) को भी घोड़े ने रौंद दिया।
विज्ञापन
बेहोश सुशील और उसकी मां को इलाकाई लोग हैलट ले गए जहां डॉक्टरों ने सुशील को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल जसमत की याददाश्त भी चली गई। सुनीता की भी हालत बिगड़ गई। जसमत का छोटा बेटा निशक्त होने के चलते घर पर ही रहता था। दो बेटे पप्पू और मुकेश काम करते हैं।
घायल सुनीता का पति अरविंद कबाड़ का काम करता है। उनके पास तो इलाज के लिए भी रुपये नहीं हैं। सुनीता को प्राइवेट हॉस्पिटल में दिखाने के बाद अधिक रुपये की डिमांड होने पर परिजन घर ले आए।