{"_id":"43d6beef925fef423b9df30bc7667af5","slug":"taken-inexpensive-lentils-by-line-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लाइन लगाकर ली सस्ती दाल ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लाइन लगाकर ली सस्ती दाल
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
Updated Sun, 25 Oct 2015 02:12 AM IST
विज्ञापन
दूसरे दिन शनिवार को भी सस्ती दाल खरीदने के लिए ग्राहक उमड़ पड़े। कुल 214 क्विंटल दाल बेची गई। इसमें दाल मिलर्स एसोसिएशन और प्रशासन के सहयोग से लगाए गए तीन कांउंटरों में कुल 42 क्विंटल और कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले कलक्टरगंज में 172 क्विंटल दाल बेची गई।
विज्ञापन
भन्नानापुरवा में दो समुदाय में हुए संघर्ष के बाद इस केंद्र को कुछ देर बाद बंद कर दिया गया। दाल मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मिथलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि रविवार को तीनों सेंटरों में दाल नहीं बांटी जाएगी।
विज्ञापन
भन्नानापुरवा केंद्र
पहले दिन दिखे ग्राहकों के उत्साह के मद्देनजर शनिवार सुबह 10 बजे ही केंद्र खुल गया था। चार ग्राहक पहले से ही मौजूद थे। 10 बजते ही दाल बिकी शुरू हो गई। देवीदीन का हाता निवासी मन्नी लाल ने चार किलो दाल खरीदी। इसके बाद बाजार में भी दाल के दाम गिर जाएंगे। आठ से दस लोगों ने ही दाल खरीदी थी तभी सूचना मिली कि दर्शनपुरवा में तनाव हो गया है। इसके बाद केंद्र बंद कर दिया गया।
विज्ञापन
एलएमएल चौराहा केंद्र
मिलर्स एसोसिएशन के महेश वरियानी टेंट में दाल बिक्री की तैयारियां करा रहे थे लेकिन तब तक कोई ग्राहक नहीं दिखा। 15 मिनट बाद दो लोग दाल खरीदने आए और 10:30 बजे से उन्हें दाल दी जाने लगी। इसके बाद दो से तीन लोग केंद्र पर आते रहे और दाल खरीदते रहे। भीड़ रही पर अफरातफरी नहीं हुई। पनकी के गुड्डू सिंह बोले, प्रशासन और दाल मिलर्स एसोसिएशन की पहल वाकई सराहनीय है।
लाल बंगला केंद्र
शनिवार सुबह 10 बजे तक आधा सैकड़ा से ज्यादा लोग जमा हो गए। 11 बजे से बिक्री शुरू होनी थी लेकिन भीड़ देख 10 बजे से ही दाल बिक्री शुरू कर दी गई। जगईपुरवा से आए घनश्याम जायसवाल बोले, फुटकर दुकानों में अरहर फूल की दाल 200 रुपये किलो बिक रही है। हरजेंद्र सिंह बोले, ऐसे बिक्री काउंटर और लगने चाहिए। यहां अनिल अग्रवाल, संजय जैन, राजू गुप्ता आदि ने दाल बेची।
कलक्टरगंज में बाहरी कारोबारी आए दाल लेने
कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले शनिवार को कलक्टरगंज के फुटकर दाल कारोबारियों ने सस्ती दरों पर 172 क्विंटल दाल बेची। दालें खरीदने के लिए शहरी के अलावा बाहरी जिलों के छोटे कारोबारी भी आए थे। बाजार खुलने के साथ ही माइक से दुकानदार सस्ती दाल लेने की अपील भी कर रहे थे।
सोमवार को फिर से सस्ती दरों पर दालें बिक्री की जाएंगी। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री विनोद गुप्ता ने बताया कि कलक्टरगंज की सभी फुटकर दुकानों (लगभग 200 दुकानें) में दाल का रेट चार्ट और बैनर लगाए गए थे। अरहर फूल 159, अरहर स्पेशल 134, मसूर दाल 80, चना दाल 60 और मटर दाल 30 रुपये में बेची गई।
यहां कलक्टरगंज फुटकर गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्रीकृष्ण गुप्ता, अशोक केसरमल, मनीष मौजूद रहे। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री ज्ञानेश मिश्र ने बताया कि रविवार को बारादेवी चौराहे पर काउंटर लगाकर दाल दी जाएगी।
जमाखोरों ने निकाला स्टाक, इसलिए दाल सस्ती
कानपुर। जमाखोरों के स्टाक बाहर निकालते ही अरहर फूल सहित अन्य दालें भी कम दामों में बिकना शुरू हो गई हैं। हालांकि कम दामों पर दाल बेचने के बाद भी कारोबारी घाटे में नहीं हैं। बता दें एक सप्ताह पहले तक अरहर फूल दाल के भाव दो सौ रुपये किलो थोक में पहुंच गए थे। इसके अलावा मसूर, मटर, चने की दाल भी महंगी हो गई थी।
दाल कारोबार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक दाल की उपलब्धता कम होने का लाभ जमाखोर उठाना चाहते थे। लेकिन सरकार की सख्ती से कारोबारियों ने बाजार में दाल निकालनी शुरू कर दी। प्रत्येक बड़ा दाल कारोबारी कम से कम 15 दिन का माल स्टाक करके चलता है। यही कारण है कि अरहर फूल सहित अन्य दालें कम दाम पर मिल रही हैं।
क्योंकि जो दाल मौजूदा समय में बाजार में है वह पुराना माल है। उस समय 100-125 रुपये प्रति किलो खरीद पड़ी थी। सस्ती दरों पर दालें 15-20 दिन तक मिल सकती हैं। इसके बाद सरकार की ओर से दाल आयात करने पर दालों की कीमतों में स्थिरता आ सकती है।