स्वामित्व योजना: 198 ग्राम पंचायतों में कल बांटी जाएंगी 50467 घरौनियां, चार स्तर पर आयोजित होंगे कार्यक्रम
Kanpur News: जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी और अन्य जगह भी जनप्रतिनिधि घरौनियों का वितरण करेंगे। नर्वल तहसील का कार्यक्रम विकास खंड सरसौल में होगा। बता दें कि ड्रोन सर्वे कराकर घरौनियां तैयार की गई हैं।
विस्तार
स्वामित्व योजना के तहत 18 जनवरी को जिले में 50,467 घरौनियों का वितरण होगा। शहर में चार स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला स्तर का घरौनी वितरण कार्यक्रम सीएसजेएमयू में रानी लक्ष्मीबाई सभागार में होगा। सदर तहसील की घरौनियां विश्वविद्यालय में ही दी जाएंगी। लेखपाल लाभार्थियों को लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।
आबादी संपत्ति के मालिकाना हक के लिए जिले में 198 ग्राम पंचायतों में 234 राजस्व ग्राम शामिल हैं। सीएसजेएमयू सभागार के अलावा तहसील, ब्लॉक, ग्राम पंचायत स्तर पर भी घरौनी वितरण कार्यक्रम होंगे। एडीएम वित्त ने बताया कि हर स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
वितरण का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा
लाभार्थियों को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का उद्बोधन और घरौनी वितरण का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी और अन्य जगह भी जनप्रतिनिधि घरौनियों का वितरण करेंगे। नर्वल तहसील का कार्यक्रम विकास खंड सरसौल में होगा। ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ड्रोन सर्वे कराकर घरौनियां तैयार की गई हैं।
तहसील घरौनियों की संख्या
बिल्हौर 16757
घाटमपुर 10151
सदर 4265
नर्वल 19294
कुल 50467