Kanpur Crime: लापरवाही! छात्र का शव मिलने का मामला, भाई बोला- पुलिस को दिया था फुटेज, फिर क्या करती रही पुलिस
Kanpur News: कल्याणपुर में शुक्ला साइकिल स्टोर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में ऋतिक नजर आया था। उसके साथ उसके चार दोस्त भी थे, जो उसे पीट रहे थे। पुलिस ने फुटेज के बावजूद नहीं की कार्रवाई। पांच दिन बाद शिवली से शव मिला।
विस्तार
कानपुर में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले ऋतिक के पांच दिन पहले लापता होने के बावजूद पुलिस की लापरवाही अपने चरम पर रही थी। कल्याणपुर पुलिस ने न तो, इस मामले में गुमशुदगी दर्ज की। न ही आसपास के पुलिस थानों से संपर्क कर ऋतिक का ब्योरा साझा किया।
साथ ही, उसकी तलाश के लिए सर्विलांस टीम का सहारा भी नहीं लिया। यही नहीं, ऋतिक के बड़े भाई ऋषभ शुक्ला की ओर से ऋतिक के साथ मारपीट की घटना की जानकारी साझा करने के बाद भी पुलिस ने किसी आरोपी से पूछताछ करना भी मुनासिब नहीं समझा।
पुलिस अगर किसी भी तरह की प्रिवेंटिव कार्यवाही करती और जांच तेजी से कर तलाशी अभियान चलाती तो ऋतिक शायद जिंदा मिल जाता। ऐसा इसलिए भी है, क्योंकि शिवली पुलिस की शुरूआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि ऋतिक वहां पिछले दो से दिखाई दे रहा था।
दो दिन से दिखाई दे रहा था ऋतिक
ऐसे में अगर कल्याणपुर पुलिस सूचना साझा कर लेती, तो शायद शिवली पुलिस उसे पकड़कर कानपुर वापस पहुंचा चुकी होती। जाहिर है कि पुलिस के लापरवाह रवैये की वजह से एक युवक पांच दिन तक लापता रहा और आखिर में शनिवार को उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
फिलहाल, कल्याणपुर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों के अनुसार आगे कार्रवाई करेगी, जबकि पीड़ित परिवार ने वीडियो में मारपीट करते दिखने वाले चार युवकों के खिलाफ तहरीर दे दी है। वहीं, पुलिस ने भी तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक युवक पकड़ से दूर है।