हमीरपुर: दिनदहाड़े व्यापार मंडल महामंत्री के आवास पर पथराव, नकाबपोशों की गाड़ियों पर लगे थे भाजपा के झंडे
भाजपा के झंडे लगे लग्जरी गाड़ियों से आए नकाबपोश एक दर्जन युवकों ने व्यापार मंडल महामंत्री के आवास पर कब्जा करने के लिए पत्थरबाजी कर हंगामा किया। इस घटना से महामंत्री को अटैक पड़ गया, जिससे उन्हें कानपुर इलाज के लिए भेजा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के झंडे लगे गाड़ियों में सवार एक दर्जन से ज्यादा नकाबपोश युवकों ने दिनदहाड़े व्यापार मंडल महामंत्री के आवास पर पथराव किया। साथ ही, एक हिस्से में ताला तोड़कर कब्जा करने का प्रयास भी किया। यह घटना थाने से बमुश्किल 50 मीटर दूर पर हुई, लेकिन पुलिस सूचना के बाद भी मौके पर नहीं पहुंची। लग्जरी गाड़ियों से आए दबंग युवक गाली गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घटना के बाद महामंत्री को अटैक पड़ गया, जिन्हें कानपुर ले जाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कस्बे के थाने के समीप हाईवे किनारे रहने वाले व्यापार मंडल के नगर महामंत्री श्यामलाल गुप्ता के पुश्तैनी मकान का एक हिस्सा विवादित है। हिस्से के मालिकाना हक को लेकर अदालत में मुकदमा विचाराधीन है। इस विवादित हिस्से को कस्बा निवासी पिंकी ओमर, पूजा ओमर, दीपा ओमर ने खरीद लिया और कब्जे के प्रयास में है। रविवार को दोपहर करीब ढाई बजे भाजपा की झंडा लगी दो लग्जरी कारों में सवार होकर एक दर्जन से ज्यादा युवक हाथों में राड आदि लेकर आए और विवादित हिस्से में पड़े तालों आदि को तोड़ना शुरू कर दिया।
साथ ही पत्थरबाजी करते हुए दूसरे पक्ष को जमकर गाली-गलौज की। घर में सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। इस घटना को देखने के लिए मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। महामंत्री के परिजनों ने घटना से तत्काल पुलिस को अवगत कराया।,लेकिन पुलिस 50 मीटर दूर चल रहे तांडव को देखने भी नहीं पहुंची।
इस वजह से पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान उठने लगे हैं। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पुलिस की मिली भगत से महामंत्री के आवास पर कब्जे की कोशिश की गई है। अगर इस प्रकरण में पुलिस निष्पक्ष ढंग से कार्य नहीं करेगी, तो व्यापार मंडल सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। चर्चा है कि कस्बे का एक भाजपा नेता भी मकान में कब्जा कराने में सहयोग कर रहा है। थानाध्यक्ष भरत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विवादित जमीन खरीदने का आदी है दूसरा पक्ष
कस्बे का ओमर परिवार विवादित जमीन खरीदने का आदी है। इसके पूर्व भी वह दो विवादित भूखंड खरीदे थे, लेकिन दोनों में तमाम जद्दोजहद के बाद कब्जा नहीं कर सका। इसके पूर्व थाने के सामने एक विवादित भूखंड खरीदकर कब्जे की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद में समझौते के तहत भूखंड को वापस दिया था। इन्होंने अखंड परमधाम स्टेशन मार्ग की दुकानें नित्यानंद से बैनामा करा ली थी। अब इन्होनें सागर मार्ग किनारे बने व्यापार मंडल के महामंत्री का विवादित भूखंड का बैनामा कराया है। देखना यह है कि इसमें कब्जा पाते हैं या नहीं।