Hamirpur: बिजली पोल से टकराई सपा नेत्री की कार, ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा, छह घायल...एक रेफर
Hamirpur News: सरीला कस्बे में ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में सपा नेत्री की कार बिजली पोल से टकरा गई। हादसे में सपा नेत्री व उनके भाई सहित छह लोग घायल हो गए। इनमें से एक को गंभीर हालत में उरई के लिए रेफर कर दिया गया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में पार्टी के प्रचार के लिए निकली सपा नेत्री की स्कॉर्पियो कार शुक्रवार सुबह बरगवा गांव के पास सड़क किनारे बिजली पोल से टकरा गई। हादसा अचानक सामने आए ट्रैक्टर को बचाने में हुआ, जिससे कार खाई में जाकर पलट गई। कार में सवार सपा नेत्री सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे उनके पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां से एक घायल को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज, उरई के लिए रेफर कर दिया। टक्कर इतनी तेज रही कि बिजली पोल टूटकर नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि तार नहीं टूटे अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
गोहांड निवासी सपा नेत्री चंद्रवती वर्मा (30) शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से चुनाव प्रचार के लिए निकली थी। वो ममना से सरीला की ओर जा रही थी। तभी बरगांव गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में उनकी स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित हो गई।
पुलिस व पार्टी कार्यकर्ताओं ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया
इसके बाद सड़क किनारे लगे बिजली पोल से टकराकर खाई में जा गिरी। हादसे में सपा नेत्री सहित उनका भाई पूजन वर्मा, चंडौत निवासी राहुल, पवई निवासी शिव नरेश , मोतीलाल, चिकासी निवासी गोकुल प्रसाद को गंभीर चोंटे आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस व पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभी घायलों को सीएचसी लाए।
राहुल को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया
यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांचों घायलों को घर भेज दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल को मेडिकल कॉलेज उरई के लिए रेफर किया है। घटना की जानकारी होते ही सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष नीलम यादव, सभासद लाखन सिंह, सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता सीएचसी पहुंच गए।
अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर जाने दिया
इससे सीएचसी में गहमा गहमी का माहौल रहा। इलाज के बाद सभी कार्यकर्ता उनके साथ वापस लौट गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय चौरसिया ने बताया कि राहुल को गंभीर हालत में उरई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर जाने दिया गया है।