Auraiya Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से दामाद की मौत, सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था युवक
Auraiya News: बेला थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि घटना पर पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
औरैया जिले में गुरुग्राम से बाइक से सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने ससुराल आ रहे युवक को बेला-बिधूना मार्ग पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने युवक को सड़क पर तड़पता देख एम्बुलेंस व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी बिधूना पहुंचाया।
यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाइक के नंबर से जानकारी कर परिजनों को सूचना दी। अमेठी जनपद के थाना जामू क्षेत्र के गांव रानीपुर निवासी आशीष मिश्रा (35) पुत्र घनश्याम मिश्रा बुधवार को गुरुग्राम से बाइक से अपनी सास के निधन की जानकारी पर कानपुर देहात के गांव ऊसरी आ रहे थे।
जैसे ही सुबह लगभग 11 बजे उनकी बाइक बेला-बिधूना मार्ग पर सिरयावा मोड़ पहुंची ही थी। कि तभी किसी अज्ञात वाहन ने आशीष की बाइक में टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर लगने से आशीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। इसी बीच उधर से गुजर रहे राहगीरों ने एक युवक को सड़क पर तड़पता देखा।
घायल को एम्बुलेंस से सीएचसी बिधूना पहुंचाया
आनन फानन पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एम्बुलेंस से सीएचसी बिधूना पहुंचाया, लेकिन तब तक युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक की बाइक के नंबर को यातायात ऐप पर डालकर उसका पता निकाला। इसके बाद परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मृतक के बिधूना निवासी साढू जानू अस्पताल पहुंचे।
गुरुग्राम से बाइक से आ रहा था आशीष
अस्पताल में जानू ने बताया कि आशीष उनके साढू थे। गुरुग्राम में किसी फैशन डिजाइनिंग कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर नौकरी करते थे। बताया कि कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के गांव ऊसरी स्थित ससुराल में सास के निधन की जानकारी पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने गुरुग्राम से बाइक से आ रहे थे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
उन्होंने बताया कि सभी लोग कन्नौज में अंतिम संस्कार करने गए थे। वहीं, पर पुलिस की ओर से दुर्घटना में मौत होने की सूचना मिली। बेला थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि घटना पर पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।