Banda: जहरीले सर्प ने सगे भाई व तीन बहनों को डसा, एक-एक कर तीन की मौत, बड़ी बहन की हालत नाजुक
बांदा जिले में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सर्प के डसने से एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत हो गई। जबकि बड़ी बहन की हालत गंभीर है।
विस्तार
यूपी के बांदा जिले में जहरीले सर्प के डसने से तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। बड़ी बहन की हालत गंभीर है। उसे मेडिकल कॉलेज आईसीयू में रखा गया है। चारों एक ही पलंग पर सो रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना शहर के ज्योति नगर की है। यहां कामता प्रसाद राजपूत की बेटियां रचना (16), रक्षा (14) व दीक्षा (7) और पुत्र अमन (10) एक ही पलंग पर सो रहे थे। सोमवार सुबह चारों को सर्प ने डस लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन बच्चों को जिला अस्पताल लेकर गए। यहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान दीक्षा, अमन और रक्षा की मौत हो गई। रचना की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे आईसीयू में रखा गया है।
मृतकों के चचेरे भाई फूटाकुआं पल्हरी गांव निवासी अमित राजपूत ने बताया कि रचना ने सर्प के डसने की बात कही है। हालांकि सर्प किसी को नजर नहीं आया। क्षेत्राधिकारी नगर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तीनों बच्चों को किसी जहरीले जंतु ने काटा है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उधर, घटना से परिवार में कोहराम मचा है। रक्षाबंधन पर्व के कुछ ही दिन पहले भाई और बहनों की मौत ने सभी को झकझोर दिया। घटना से मोहल्ले में गम का माहौल है।