Fatehpur: छेड़खानी के विरोध में बहनों को डंडे से पीटा, आरोपियों का शांतिभंग में चालान, फिर लौटकर दी ये धमकी
राधानगर थाना क्षेत्र में एक युवती को छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपी और उसके घरवालों ने जमकर पीटा। वहीं, बचाने आई बहन को भी लाठियों से पीटा। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपियों पर बलवा, मारपीट का मुकदमा दर्ज कर शांति भंग में चालान किया है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में छेड़खानी के विरोध में बहनों की गुरुवार को युवक और उसके परिजनों ने पिटाई की। मामले में युवती को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में युवक डंडे से बेरहमी पूर्वक युवती को पीटते दिखा है।
पुलिस पर तहरीर बदलाने और आरोपियों का शांति भंग में चालान करने की एसपी से शिकायत की गई है। राधानगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला पति की मौत के बाद लोक निर्माण विभाग नौकरी करती है। उसकी दो बेटियां घर में रहती हैं।
महिला ने बताया कि गुरुवार दोपहर बेटियां घर में अकेली थी। छोटा बेटा स्कूल चला गया था। बड़ी बेटी दूसरी मंजिल पर काम कर रही थी। छोटी बेटी नीचे कमरे में थी। पड़ोसी विमल उर्फ गोलू घर पहुंचा। छोटी बेटी के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। शोर मचाने पर बड़ी बेटी पहुंची।
दोनों बेटियों ने विमल को पकड़ लिया। तभी शोर सुनकर विमल का भाई, मां, पिता घर आ गए। चारों ने बेटियों को लाठी डंडे से पीटा। दोनों के साथ छेड़खानी की गई। पड़ोसियों के आने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी चले गए।
जमानत से लौटकर दी जान से मारने की धमकी
इसके बाद राधानगर थाने में शिकायत की। पुलिस ने तहरीर बदलाकर रिपोर्ट दर्ज की। आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया। वह लोग जमानत के बाद वापस आए और फिर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गाली गलौज की।
प्रभारी निरीक्षक बोले- बढ़ाई जाएंगी धाराएं
आरोपी का पिता संगीन मामले में जेल जा चुका है। घटना से परिवार दहशत में हैं। मारपीट का वीडियो भी है। प्रभारी निरीक्षक राजकिशोर ने बताया कि मामले में पीड़ित पक्ष का बयान लिया जाएगा। बयान में छेड़खानी की बात आने पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।