शारदीय नवरात्र: तड़के तीन बजे से उमड़ी भक्तों की भीड़, जयकारों से गुंजा दरबार…नौ दिन होंगे नौ देवी के भंडारे
Kanpur News: शारदीय नवरात्रों को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष व्यवस्था की गई है। पूरा शहर मां की भक्ति में रम चुका है। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है।
विस्तार
शारदीय नवरात्र आज से शुरू हो गए हैं। इस बार हस्त नक्षत्र व इंद्र योग के साथ मां डोली पर सवार होकर आ रही हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों में तड़के तीन बजे से ही मां के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। तपेश्वरी देवी, जूही स्थित बारादेवी मंदिर, किदवईनगर के जंगली देवी, शास्त्री नगर काली मठिया, कल्याणपुर के आशा देवी मंदिर के अलावा गोविंदनगर स्थित दुर्गा मंदिर समेत अन्य मंदिरों में मइया के शृंगार के साथ-साथ साज-सज्जा की विशेष व्यवस्था की गई है।
बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर में तड़के तीन बजे मंगला आरती के साथ माता का दरबार अपने भक्तों के लिए खुल जाएगा। बारादेवी मंदिर में भक्तों की होने वाली भीड़ को देखते हुए देर रात 12 बजे तक माता का दरबार खुला रहेगा जबकि जंगली देवी मंदिर के पट सुबह चार बजे खुलेंगे और रात 11 बजे बंद हो जाएंगे। इसी तरह काली मठिया मंदिर के प्रबंधन समिति के सदस्य सतीश शुक्ला ने बताया कि सुबह पांच बजे से लेकर रात 11 बजे तक भक्त माता के दर्शन कर सकेंगे। दोपहर साढ़े बारह बजे कुछ देर के लिए मंदिर के पट बंद किए जाएंगे।
सीसीटीवी से हो रही निगरानी, लगाई स्टील की बेरिकेडिंग
शहर के सभी प्रमुख देवी मंदिरों में सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बेरिकेडिंग लगाई गई है। काली मठिया मंदिर में इस बार स्टील की बेरिकेडिंग लगाई गई है। मंदिरों में मेले की तैयारियां भी पूरी हो गई हैं। खाने, पीने व कपड़ों की दुकानें व बच्चों के लिए झूले भी लगाए गए हैं।
नौ दिन नौ देवी के भंडारे होंगे
किदवईनगर में नवरात्र को लेकर पूरे नौ दिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा, यह जानकारी किदवईनगर विधानसभा विधायक महेश त्रिवेदी ने दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा के प्रमुख 9 मंदिरों में भंडारे का आयोजन किया जा रहा, जिसमे लाखों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। पहला भंडारा 3 अक्टूबर को पथराई देवी मंदिर यशोदानगर, दूसरा भंडारा 4 अक्टूबर को दुर्गा मंदिर गोविंदनगर, तीसरा भंडारा 5 अक्टूबर को वैष्णो देवी मंदिर दामोदरनगर, चौथा भंडारा 6 अक्टूबर को जंगली देवी मंदिर, पांचवां भंडारा 7 अक्टूबर को जूही मंदिर, छठवां भंडारा 8 अक्टूबर को सोटे बाबा मंदिर किदवईनगर, सातवां भंडारा 9 अक्टूबर संकट मोचन मंदिर बर्रा, आठवां भंडारा 10 अक्टूबर को शिव सनी मंदिर बर्रा 8, नौवां व अंतिम दिन भंडारा बारा देवी मंदिर जूही में होगा ।