Kanpur: रास्ता पूछने के बहाने स्कूटी सवार को बंधक बनाकर लूटे 17 हजार, 3 आरोपी गिरफ्तार; हिस्ट्रीशीटर फरार
Kanpur News:रावतपुर थाना क्षेत्र में रास्ता पूछने के बहाने स्कूटी सवार युवक से 17 हजार रुपये और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट के 4,550 रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
विस्तार
कानपुर नगर के रावतपुर थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों द्वारा दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। बीती 22 जुलाई की रात जीटी रोड पर डबल पुलिया स्थित साईं मंदिर के पास रास्ता पूछने के बहाने बदमाशों ने एक निजी कंपनी के सेल्समैन को रोक लिया।
इसके बाद जबरन स्कूटी पर कब्जा जमाकर पीड़ित का आंख-मुंह दबाया और उसे रावतपुर के कर्बला इलाके में ले जाकर मारपीट की। बदमाशों ने पीड़ित से 17 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर घटना के 48 घंटे के भीतर 03 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है।
पता पूछने के बहाने रोका, कर्बला ले जाकर की मारपीट
विजयनगर काकादेव निवासी पीड़ित अमित मिश्रा ने बताया कि वह एक निजी इंजीनियरिंग कंपनी में सेल्स का काम करते हैं। 22 जुलाई की रात करीब 09:30 बजे वह काम निपटाकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। साईं मंदिर के पास बदमाशों ने उन्हें हाथ देकर रोका।
रुकते ही एक बदमाश ने धक्का देकर स्कूटी की ड्राइविंग सीट पर कब्जा कर लिया, जबकि 02 आरोपी पीछे बैठ गए और 01 अन्य बाइक से पीछे-पीछे चलने लगा। बदमाश पीड़ित को जबरन कर्बला क्षेत्र में ले गए, जहां उन्होंने जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर जेब में रखे 17 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया।
CCTV से 48 घंटे में 3 गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर की तलाश जारी
वारदात के बाद किसी तरह रावतपुर थाने पहुंचे पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने कर्बला मैदान के पास शिव मंदिर के करीब से 03 आरोपियों ,आकाश पांडेय, ज्ञानू कश्यप और अंशू दुबे (तीनों निवासी कच्ची मड़ैया जयप्रकाश नगर) को धर दबोचा।
इनके पास से लूट के 4,550 रुपये और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वारदात में उनके साथ हिस्ट्रीशीटर पारस अवस्थी भी शामिल था। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश का कहना है कि तीनों को जेल भेज दिया गया है और फरार हिस्ट्रीशीटर पारस की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।