संजय गौड़ हत्याकांड: हरियाणा-राजस्थान की जेल में खंगाला जा रहा कनेक्शन, पुलिस को मिले हैं महत्वपूर्ण सुराग
Kanpur Murder: चकेरी गांधीग्राम में लोहा कारोबारी संजय गौड़ की लूट के बाद हत्या के मामले में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। पुलिस के पास गैंग के विषय में सारी जानकारी है, लेकिन शातिर पकड़ से दूर हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी आसपास के प्रदेशों में इसी तरह की दो से तीन वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
विस्तार
कानपुर के चकेरी में लोहा व्यापारी संजय गौड़ से लूट और हत्याकांड में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। बदमाशों को पकड़ाने के लिए एसटीएफ, क्राइम ब्रांच समेत आसपास के जिलों और प्रदेश की पुलिस से भी मदद ली जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
बदमाशों का लिंक पश्चिम से निकलने के बाद हरियाणा और राजस्थान की जेलों में भी उनका कनेक्शन खंगाला जा रहा है। चकेरी थाना क्षेत्र में बीते 10 मई को लोहा व्यापारी संजय गौड़ से लूट व हत्याकांड में पुलिस अब तक बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
पुलिस के पास गैंग से जुड़ी लगभग सभी जानकारियां हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पांच से छह लोगों का यह गैंग इसी तरह की दो से तीन वारदातों को आसपास के राज्यों में भी अंजाम दे चुका है। शातिर गैंग का कनेक्शन खंगालने के लिए टीम राजस्थान और हरियाणा भेजी गई है।
जारी है बदमाशों की तलाश
बदमाशों के यहां की जेलों से हाल ही में छूटने की बात कही जा रही है। पुलिस के उनकी तलाश में होने की जानकारी बदमाशों तक पहुंचने के कारण सभी वारदात के बाद से भूमिगत हो गए हैं, इसलिए पुलिस को उन्हें पकड़ने में समय लग रहा है। चकेरी थाना प्रभारी रत्नेश सिंह के अनुसार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
छह अज्ञात पर रिपोर्ट हुई थी दर्ज
चकेरी गांधीग्राम में लोहा कारोबारी संजय गौड़ की लूट के बाद हत्या के मामले में छह अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस को घटना स्थल से कुछ दूरी पर संदिग्धों के फुटेज मिले थे। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि गोली लगने से फेफड़े और गुर्दे फट गए थे। ज्यादा खून बहने से कारोबारी की मौत हुई।