Hardoi: नर्मदा तीर्थ पर रहने वाले साधू की हत्या, खून से लथपथ मिला शव, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Hardoi News: शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में साधू की नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक के चेहरे, सिर और हाथ में चोट के निशान भी पड़े थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
हरदोई जिले के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नर्मदा तीर्थ स्थल के पास रहने वाले साधू का शव संदिग्ध हालात में पास में ही पड़ा मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में सिर के पिछले हिस्से में चोट लगने से मौत होने की बात सामने आई है।
डंडे से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला दिलेरगंज निवासी महादेव गिरी (50) ने बचपन में ही परिवार त्याग दिया था और साधू हो गए थे। शाहाबाद कस्बे में शमशान स्थल के पास एक कुटी में रहते थे। सोमवार की सुबह जब लोग मॉनिंग वाक के लिए निकले तो नर्मदा के पास स्थित शमशान स्थल से कुछ ही दूरी पर महादेव गिरी का शव पड़ा मिला।
शव खून से लथपथ था। चेहरे, सिर और हाथ में चोट के निशान भी पड़े थे। घटना की जानकारी पर सीओ अनुज मिश्रा अैर कोतवाल राजदेव मिश्रा मौके पर पहुंचे। आस पास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अनुज मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरी घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
तो रोक टोक पर हुई महादेव के साथ घटना
विश्वसत सूत्र बताते हैं कि नर्मदा तीर्थ स्थल सूनसान रहता है। इसके कारण यहां मनचलों की आवाजाही रहती है। बताया जाता है कि दो दिन पहले एक युवक अपनी कथित दोस्त के साथ वहां गया था। इस पर महादेव बाबा ने आपत्ति जताते हुए युवक और उसकी महिला दोस्त को जमकर फटकार लगाई थी। कहीं न कहीं इस घटना को भी महादेव की हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है।