कानपुर में बवाल: दो पक्षों में टकराव, जमकर पथराव...चापड़ भी चले, सात गंभीर घायल, दोनों पक्षों के ये हैं दावे
Kanpur Crime: एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि फिलहाल एक पक्ष से पुनीत की तरफ से तहरीर मिली है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
कानपुर में गुजैनी थाना क्षेत्र के मर्दनपुर गांव में बुधवार शाम दो पक्षों में टकराव हुआ। एक दूसरे पर चापड़, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर टूट पड़े। घटना में दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गए। बवाल की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने आठ थानों की फोर्स संग मोर्चा संभाला।
घायलों को कांशीराम अस्पताल भेजकर गांव में पुलिस फोर्स व पीएसी तैनात कर छावनी में तब्दील कर दिया गया। मर्दनपुर गांव निवासी चालक पुनीत यादव ने बताया कि वह शाम करीब 4:30 बजे हिंदू संगठन की देशव्यापी शौर्य जागरण यात्रा के प्रचार के तहत एक रिश्तेदारों के घर के बाहर पोस्टर चिपका रहे थे।
गांव के मो. राजा हुसैन ने विरोध किया। इसे लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद मो. राजा चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद मो. राजा अपने साथियों मो. कमाल, मो. डेव, रजा, नसीम आदि के साथ हाथों में चापड़, लाठी-डंडा लेकर आया और घर पर हमला बोल दिया। इससे मां रमा, भाभी लता, भाई संतोष और बहनोई वीर सिंह घायल हो गए।
इंजमाम ने रास्ता मांगा, तो पुनीत ने अपने पक्ष के लोगों संग पीट दिया
वहीं, दूसरे पक्ष से विवेक ने बताया कि 12वीं का छात्र भाई इंजमाम शाम को साइकिल से कोचिंग के लिए निकला था। पुनीत यादव के घर के बाहर एक तरफ ट्रैक्टर, दूसरी तरफ चारपाई पड़ी थी। बीच में एक बतासे वाला ठेला लेकर खड़ा था। आरोप है कि इंजमाम ने रास्ता मांगा तो पुनीत ने अपने पक्ष के लोगों संग पीट दिया।
बयान दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी
पिता राजा हुसैन बचाने पहुंचे, तो उन्हें भी लाठी, डंडे और चापड़ से हमला करके घायल कर दिया। एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि फिलहाल एक पक्ष से पुनीत की तरफ से तहरीर मिली है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लोगों को शांत करवाकर गांव में फोर्स तैनात किया गया है। घायलों के इलाज के बाद बयान दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व में हो चुका विवाद, दरोगा बना रहा था दबाव
दोनों पक्षों में करीब तीन माह पूर्व भी विवाद हुआ था। पुनीत के अनुसार आरोपी पक्ष ने उनके भांजे को कुत्ते से कटवाया था। जब इसका विरोध किया था तो चापड़ व सरिया से हमला कर दिया था। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोप है कि उस वक्त मर्दनपुर चौकी में तैनात दरोगा हितेश सिंह ने उनपर समझौते का दबाव बना रहे थे। पुराने विवाद को भी बुधवार को हुए बवाल की वजह माना जा रहा है।
पक्षों में टकराव का वीडियो वायरल
दोनों पक्षों में टकराव का वीडियो देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। दोनों पक्ष एक दूसरे पर चापड़, डंडे और ईंट-पत्थर से हमला करते नजर आ रहे हैं। पुलिस दोनों पक्षों से तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।
गांव में नहीं मिला प्रवेश, तो हिंदू संगठन ने किया हंगामा
शौर्य यात्रा का पोस्टर लगाने वाले कार्यकर्ता के घर हमले की सूचना पर भारी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मर्दनपुर गांव पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें गांव के अंदर नहीं घुसने दिया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस पर पीड़ित पक्ष की सुनवाई न करने व आरोपी पक्ष को बचाने का आरोप लगाया।
बवाल पर खुफिया सक्रिय
गुजैनी के मर्दनपुर गांव में बवाल की सूचना पर खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया। शासन को इस संबंध में रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसमें पूर्व में हुई घटना में अबतक हुई कार्रवाई और इस घटना के कारण का ब्योरा शामिल है।