Fatehpur Crime: कारोबारी को गोली मारकर सात लाख की लूट, सोना-चांदी और नगदी लेकर बदमाश फरार, जांच में जुटी पुलिस
Fatehpur News: बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जाफराबाद में सराफा कारोबारी को गोली मार सात लाख की लूट को अंजाम दिया गया है। बाइक सवार बदमाश सोने-चांदी व नगदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
विस्तार
फतेहपुर जिले में बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जाफराबाद में मंगलवार सुबह सराफा कारोबारी को बदमाशों ने गोली मार दी। इसके बाद बाइक सवार बदमाश सात लाख का माल लूटकर फरार हो गए। घायल कारोबारी को सीएचसी से कानपुर रेफर किया गया है।
घटना में कारोबारी के दाहिने हाथ में गोली लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, बिंदकी कस्बा के मीरखपुर का रहने वाले सराफ सुनील सोनी की जाफराबाद में दुकान है। वह सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे थे।
तभी तीन मोटरसाइकिल सवार बदमाश भी उनके पीछे पहुंचे। दुकान खोलते समय बदमाशों ने पहले सराफ पर मिर्च पाउडर झोंक बैग छीनने का प्रयास किया। असफल होने पर गोली मार कर सोने-चांदी व नगदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
कारोबारी को परिजन कानपुर ले गए
सराफा के मुताबिक पांच किलो चांदी, 50 ग्राम सोने के अलावा सोने की पांच अंगूठी, 15 हजार नगदी बैग में थी। करीब माल सात लाख का है। मौके पर एसपी राजेश कुमार सिंह जांच करने पहुंचे हैं। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया घायल सराफ को गोली हाथ पर लगी है। उन्हें परिजन कानपुर ले गए हैं।