उरई। मंडलायुक्त झांसी मंडल कुमुदलता श्रीवास्तव ने कलक्ट्रेट सभागार में उरई विकास प्राधिकरण की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा कर दस दिन में शहर के प्रमुख चौराहों की सूची बनाकर चौड़ीकरण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने शहर की नालियां टूटी होने की शिकायत मिलने पर नाराजगी जताकर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी नालियों का सर्वे कराकर उन्हें जल्द ठीक कराया जाए। कहा कि जो भी कार्य अधूरे पड़े है, उन्हें अभियान चलाकर तेजी से पूरा किया जाए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में डीएम डा. मन्नान अख्तर, एसपी डा. सतीश कुमार, एडीएम प्रमिल कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट जेपी सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी समेत प्राधिकरण के सहायक अभियंता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।