बांदा में भीषण सड़क हादसा: टेंपो में ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, छह लोग घायल
यूपी के बांदा जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ। टेंपो में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
विस्तार
बांदा जिले में चिल्ला गांव से सवारी भरकर बांदा जा रहे टेंपो को बांदा से जा रहे ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दो सगी बहनों समेत छह लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। चिल्ला थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी रामश्री (60) अपनी बहन शारदा (45) व भतीजी रेखा (35) के साथ शनिवार को सुबह 10 बजे करीब चिल्ला से टेंपो में बैठकर पैलानी थाना क्षेत्र के पडऱी गांव मायके जा रहीं थीं।
टेंपो में अन्य सवारियां भी बैठीं थी। टेंपो पलरा गांव के पास पहुंचा ही था कि बांदा की ओर आये ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से टेंपो क्षतिग्रस्त होकर पलट गया। उसमें सवार इन तीन के अलावा दोहतरा गांव निवासी कामता प्रसाद (55), अंकुर तिवारी (28), पदारथपुर गांव निवासी अरुण त्रिवेदी (62), चिल्ला गांव निवासी गोपाल निषाद (55) भी गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने रामश्री को मृत घोषित कर दिया। रामश्री की बहन शारदा ने बताया कि उसके जीजा की 15 साल पहले मौत हो चुकी है। घर में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त गाडिय़ों को थाने में खड़ा कराया गया है। दोनों के चालकों को तलाश किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी में रखाया गया है।