Kanpur: घोटालेबाज बाबू पर नहीं दर्ज हो सकी रिपोर्ट, सीडीओ ने दो सप्ताह पहले दिए थे निर्देश, जानें पूरा मामला
Kanpur News: भूमि संरक्षण विभाग के घोटालेबाज बाबू पर सीडीओ के निर्देश के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। बाबू ने श्रमिकों को किए जाने वाले भुगतान की आधी राशि करीबी के खाते में भेज दी थी।
विस्तार
कानपुर में भूमि संरक्षण विभाग में करीब 11 लाख रुपये का घोटाला करने वाले बाबू के खिलाफ विभागाध्यक्ष ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। दो सप्ताह पहले सीडीओ सुधीर कुमार ने बाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए थे। इसके बाद भी भूमि संरक्षण अधिकारी दोषी की जांच रिपोर्ट लेकर बैठ गए हैं।
भूमि संरक्षण विभाग में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत जलागम विकास घटक परियोजना के तहत घाटमपुर ब्लॉक की बावन और कोरियां ग्राम पंचायत में बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने का काम किया गया था। ठेकेदार और श्रमिकों को बाबू ने आधी धनराशि का भुगतान किया था।
शेष 11 लाख रुपये अपने करीबी के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। मामला सामने आने के बाद सीडीओ ने तीन सदस्यीय कमेटी से जांच कराई तो आरोप सही मिले। संयुक्त निदेशक के निर्देश पर बाबू को निलंबित कर दिया गया। सीडीओ ने भूमि संरक्षण अधिकारी को बाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए थे पर अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।
अभी तक रिपोर्ट दर्ज कराने की मुझे जानकारी नहीं दी है। अगर रिपोर्ट नहीं कराई गई है तो इसके लिए विभागाध्यक्ष को नोटिस जारी किया जाएगा। -सुधीर कुमार, सीडीओ