चूहों ने गुल कर दी बिजली: बिधूना सबस्टेशन में किया फाल्ट, शहर समेत 100 गांवों में आपूर्ति ठप, लोग हुए परेशान
बिधूना कोतवाली क्षेत्र में चूहों की हरकत ने आधे शहर को परेशान कर दिया। दरअसल, चूहों ने बिधूना सबस्टेशन में मशीनों के तारों को काट दिया, जिसकी वजह से फॉल्ट हो गया। इस फॉल्ट की वजह से शहर समेत 100 गांवों की बिजली गुल हो गई।
विस्तार
औरैया जिले में बिधूना सबस्टेशन की मशीनों में चूहे घुसने से फाल्ट हो गया। इससे शहर समेत 100 गांवों की बिजली गुल हो गई। तड़के से बिजली न आने पर लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ा। दोपहर बाद फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति बहाल की गई।
किशनी रोड स्थित उपकेंद्र से पसुआ और विश्व बैंक ऐरवाकटरा फीडर को आपूर्ति दी जाती है। मंगलवार तड़के चार बजे उपकेंद्र की बिजली मशीनों में चूहे घुसने से लाइन में फाल्ट हो गया। इससे दोनों फीडर की आपूर्ति बंद हो गई। बिजली कर्मियों के मुताबिक तड़के चार बजे के करीब मशीनें बंद हुई थी।
मशीनें बंद हो जाने से पसुआ,लखनहारा, भैंसलोट, पुर्वा लक्ष्मीराम, चिरूकुआं, धनवाली, सूखाताल, परसारी पुर्वा, शाहूपुर, मिश्रीपुर, जगराजपुर,शिवपुर, हमीरपुर,रायपुर,पुर्वा कमल सिंह, लुधपुरा, सराय प्रथम, शामपुर, बमुराह, आरमपुर, किचिकियापुर, रठगांव, भटौली, साहसपुर समेत लगभग 100 गांव की बिजली गुल हो गई।
दोपहर के बाद फाल्ट हो सके ठीक
इधर, नवरात्र और रमजान होने की वजह से सुबह बिना पानी, बिजली के लोगों को काफी परेशानी हुई। कर्मचारी भी जानकारी होने पर फाल्ट ढूंढने में लगे रहे। कई जगह केबल कटने से फाल्ट हुआ था। बिजली कर्मचारियों ने सुबह से ही मरम्मत का काम शुरू किया और दोपहर 12 बजे के बाद फाल्ट ठीक कर पाए।
जेई बोले- अब स्थिति सामान्य
इसके बाद दोनों फीडर से आपूर्ति की गई। जेई रवि वर्मा ने बताया कि उपकेंद्र के आसपास चूहे अधिक हैं। सोमवार रात मशीनों में चूहे घुसे थे। इसी वजह से मंगलवार तड़के फाल्ट हो गया था। फिलहाल स्थिति सामान्य है। सभी इलाकों में बिजली आपूर्ति सही हो गई है।