Kanpur: पुलिस कमिश्नर और चालकों-परिचालकों को बांधी राखी, पदाधिकारी बोलीं- अपनी ड्यूटी खुशी-खुशी निभा सकें
Kanpur News: समिति की प्रदेश सचिव मंजू पांडे के नेतृत्व में महिला पदाधिकारियों ने पर्व मनाया। इस दौरान चालकों-परिचालकों के साथ-साथ बस अड्डे पर काम करने वाले सफाई योद्धाओं, सुरक्षाकर्मियों को भी राखी बांधी गई।
विस्तार
कानपुर शहर यात्री जन कल्याण समिति की महिला पदाधिकारियों ने अनोखे तरीके से रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इसमें शहर की सुरक्षा की कमान संभालने वाले पुलिस कमिश्नर आरके स्वर्णकार और बहनों को भाइयों के घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने वाले बस चालकों- परिचालकों को राखी बांधी गई।
प्रदेश सरकार द्वारा रक्षाबंधन पर बहनों को आने-जाने के लिए मुफ्त बस यात्रा का तोहफा दिया गया है। बहनों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी बस चालक और परिचालक निभा रहे हैं। रक्षाबंधन के पर्व पर अपनी ड्यूटी निभा रहे इन चालकों-परिचालकों को अपनी बहन से राखी न बंधवा पाने के दर्द का एहसास ना हो।
साथ ही, वह भी रक्षाबंधन का पर्व मनाकर खुशी-खुशी अपनी ड्यूटी निभा सकें। इसी उद्देश्य के चलते यात्री जन कल्याण समिति द्वारा रक्षाबंधन पर्व पर गुरुवार को झकरकटी बस अड्डे पर रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति की प्रदेश सचिव मंजू पांडे के नेतृत्व में महिला पदाधिकारियों ने पर्व मनाया।
सुरक्षा और स्वच्छता में तत्पर हैं
इस दौरान चालकों-परिचालकों के साथ-साथ बस अड्डे पर काम करने वाले सफाई योद्धाओं, सुरक्षाकर्मियों को भी राखी बांधी। शहर व यात्रियों की सुरक्षा में तत्पर रहने वाले एसीपी बृज नारायण सिंह, एसीपी थाना प्रभारी बाबूपुरवा अनूप सिंह, थाना प्रभारी जूही जितेंद्र सिंह तथा रोडवेज के आरएम लव कुमार, केके सिंह को भी राखी बांधी।