QS Rankings 2027: आईआईटी कानपुर की 12 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ रैंक, देश में पांचवां और विश्व में 221वां स्थान
Kanpur News: आईआईटी कानपुर ने क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग-2027 में 221वीं वैश्विक रैंक प्राप्त कर 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। देश के शीर्ष पांच संस्थानों में जगह बनाने वाले इस संस्थान ने इम्पलायर रेप्यूटेशन और साइटेशन में बेहतरीन स्कोर किया है।
विस्तार
आईआईटी कानपुर ने क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग-2027 में 12 वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है। संस्थान को आईआईएससी बंगलुरु के साथ ओवरऑल 221 वीं रैंक हासिल हुई है। दोनों को 53.8 अंक मिले हैं। देश भर के संस्थानों में आईआईटी कानपुर का पांचवां स्थान है। पहले नंबर पर आईआईटी दिल्ली, दूसरे पर आईआईटी बांबे, तीसरे पर आईआईअी मद्रास और चौथे पर आईआईटी खड़गपुर है। आईआईटी दिल्ली की ओवरऑल 118 रैंक आई है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी दुनिया भर के संस्थानों की ओवरऑल परफार्मेंस के साथ क्वाक्वेरेली साइमंड्स यानी क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग-2027 जारी हुई है। साइटेशन, एकेडमिक रेप्यूटेशन, फैकल्टी स्टूडेंट्स रेशियो, इंटरनेशनल स्टूडेंट रेशियो सहित कई बिंदुओं के आधार पर अंक दिए जाते हैं। जिसके आधार पर रैंकिंग जारी की जाती है। पिछले कई वर्षों से आईआईटी कानपुर की रैंक में उतार-चढ़ाव आ रहे थे, लेकिन इस बार संस्थान ने बाजी मारी है। 2015 में 300 रैंक से साथ शुरू हुआ सफर इस साल सबसे कम रैंक का पड़ाव पार किया है।
इंटरनेशनल स्टूडेंट रेशियो पर मिले कम अंक
आईआईटी कानपुर में 9153 छात्र हैं, जिसमें यूजी में 53.9 फीसदी और पीजी में 46.1 फीसदी छात्र हैं। वहीं इंटरनेशनल छात्र 53 हैं, जिसमें यूजी में 7.5 फीसदी और पीजी में 92.5 फीसदी हैं। आईआईटी कानपुर को साइटेशन पर फैकल्टी 81 अंक, एकेडमिक रेप्यूटेशन 47.9 अंक, फैकल्टी स्टूडेंट रेशियो 12.5 अंक, इम्पलायर रेप्यूटेशन 88.3 अंक, इम्प्लायमेंट आउटकम 60.3 अंक, इंटरनेशनल स्टूडेंट रेशियो 1.5, इंटरनेशनल रिसर्च नेटवर्क 44.7 अंक, इंटरेशनल फैकल्टी रेशियो 1.6 अंक, सस्टेनेबिलिटी 74.5 अंक मिले हैं।
निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने सभी को दी बधाई
संस्थान को इंटरनेशनल स्टूडेंट रेशियो पर सबसे कम अंक मिले हैं। इससे बेहतर रैंक हासिल करने वाले आईआईटी खड़गपुर ने स्टूडेंट फैकल्टी रेशियो, इंप्लायर रेप्यूटेशन-इंप्लायर आउटकम में आईआईटी कानपुर के मुकाबले खराब प्रदर्शन किया है। आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने सभी को बधाई दी है।
10 वर्षों में आईआईटी कानपुर की रैंकिंग
- 2015: 300
- 2016: 271
- 2017: 302
- 2018:293
- 2019: 283
- 2020: 291
- 2021: 350
- 2022: 277
- 2023: 264
- 2024: 278
- 2025: 263
- 2026: 222
- 2027: 221
यह रहे टॉप पांच संस्थान
संस्थान विश्व रैंक देश में रैंक ओवरऑल स्कोर
आईआईटी दिल्ली 118 1 65.7
आईआईटी बांबे 134 2 63.9
आईआईटी मद्रास 170 3 59.3
आईआईटी खड़गपुर 205 4 55.1
आईआईटी कानपुर 221 5 53.8
आईआईएससी बंगलुरु 221 5 53.8