खरीदार बनी पुलिस...बड़ा खुलासा: असलहा फैक्टरी पकड़ी, बंदूक समेत 14 तमंचे और उपकरण बरामद, पढ़ें पूरा मामला
Fatehpur Crime: थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि कई दिन पहले असलहा फैक्टरी संचालन की भनक लगी थी। पुलिस ने सादी वर्दी में फैक्टरी संचालक से संपर्क किया था। कानपुर बार एसोसिएशन के चुनाव में असलहों की जरूरत बताई थी।
विस्तार
फतेहपुर जिले में पुलिस ने खरीददार बनकर असलहा फैक्टरी पकड़ी है। फैक्टरी से बंदूक समेत 14 तमंचे बरामद किए। नवागांतुक कप्तान ने गुडवर्क का खुलासा किया है। आरोपी कई साल से क्षेत्र में फैक्टरी संचालित कर रहा था। करीब 23 साल पहले आरोपी असलहा बनाने में पकड़ा जा चुका है।
पुलिस लाइन में एसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि मलवां थाना क्षेत्र के पनई इनायतपुर गांव में असलहा फैक्टरी संचालन की पुलिस को सूचना मिली थी। गांव स्थित एक खंडहर में थानाध्यक्ष मुकेश सिंह और स्वॉट टीम प्रभारी द्वितीय विंध्यवासिनी तिवारी की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात छापामारी की।
मौके से असलहा बनाने वाले पनई इनायतपुर निवासी रावेंद्र उर्फ धौकल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर आठ तमंचे 315 बोर, चार तमंचे 12 बोर, एक 12 बोर की बंदूक, एक अर्धनिर्मित तमंचा और तमंचा बनाने के उपकरण खंडहर से बरामद किया।
पहले भी पकड़ा जा चुका है आरोपी
आरोपी पहली बार वर्ष 2000 और दूसरी बार वर्ष 2001 में असलहा फैक्टरी के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी। वह पुराने तमंचे ठीक करने का भी काम करता था। जिले और पड़ोसी जिलों में आर्डर पर तमंचे बनाकर बेचता था। एक तमंचा छह हजार रुपये में बेचता है।
जाल बिछाकर आरोपी को किया गिरफ्तार
थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि कई दिन पहले असलहा फैक्टरी संचालन की भनक लगी थी। पुलिस ने फैक्टरी संचालक से संपर्क किया। कानपुर बार एसोसिएशन के चुनाव में असलहों की जरूरत बताई थी। झांसे में आकर संचालक रावेंद्र असलहे देने को तैयार हो गया था। जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा जा सका है।
असलहा खराब होने पर बदलने की गारंटी
फैक्टरी संचालक खरीददारों को असलहे पर गारंटी देता था। असलहों को गुणवत्तापरक होने का दावा करता था। आरोपी से सदी वर्दी में पुलिस डील करने पहुंची थी। तभी उसने असलहा खराब होने पर बदलने की गारंटी तक ली थी। साथ ही, सुधारने की बात भी कही।