Kanpur: गैंगस्टर गिरिजा शंकर गिरफ्तार, भेजा जेल; लोगों ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर भी की थी शिकायत
गंगाघाट कोतवाली पुलिस व एसपी की स्पेशल पुलिस टीम ने पोनी रोड झंडा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से पुलिस ने जेल भेज दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गैंगस्टर गिरिजा शंकर मिश्रा को रविवार को पुलिस ने पोनी रोड झंडा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। वह सरकारी कुर्क जमीन बेचने, धोखाधड़ी सहित अन्य कई मुकदमों में वांछित था। गैंगस्टर के खिलाफ पीड़ित लोगों ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की थी। रविवार को डीएम अपूर्वा दुबे और एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा के निर्देश पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
मोहल्ला रामनगर निवासी गिरिजा शंकर मिश्रा को रविवार को दोपहर लगभग 12 बजे गंगाघाट कोतवाली पुलिस व एसपी की स्पेशल पुलिस टीम ने पोनी रोड झंडा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से पुलिस ने जेल भेज दिया। गंगाघाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि गैंगस्टर गिरिजा शंकर मिश्रा के खिलाफ हाल में ही पांच मुकदमे राजस्व संबंधी दर्ज हुए हैं। इसमें सरकारी कुर्क जमीन को बेचने के साथ ही चार अन्य लोगों ने धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कराए हैं। रविवार को उच्च अधिकारियों के निर्देश पर गिरफ्तारी की गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गैंगस्टर गिरिजा शंकर मिश्रा के खिलाफ गंगाघाट कोतवाली में वर्ष 2016 में गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। वर्ष 2003 में पहला पाक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा धोखाधड़ी, मारपीट, सरकारी जमीन के मामले समेत अन्य धाराओं में एक दर्जन से अधिक मामले कोेतवाली में दर्ज है। हाल में ही सरकारी कुर्क जमीन को बेचने के मामले में जाजमऊ चौकी प्रभारी राजेश सिंह की तहरीर पर गिरिजा शंकर मिश्रा, रामलखन, बृजेश निषाद, सुभाष यादव, रंजीत निषाद, वीरेंद्र कुमार, उमेश कुमार, मनोज कुमार, संजय निषाद, विजय कुमार, वीरेंद्र पाल, मुन्नी लाल, योगेंद्र मिश्रा सहित 13 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पहले भूमाफिया दिव्या अवस्थी के लिए करता था काम
गैंगस्टर गिरिजा शंकर मिश्रा पांच साल पहले भूमाफिया व पत्रकार हत्याकांड के मामले में जेल में बंद दिव्या अवस्थी के लिए जमीन के धंधे में काम करता था। यहीं से उसने जमीन की हेराफेरी करने के गुर सीखे और सरकारी जमीनों को बेचने का खेल किया। दिव्या अवस्थी के पत्रकार हत्याकांड में जेल जाने के बाद कमान गिरिजा शंकर ने संभाली, लेकिन गिरिजा ने यहां दिव्या कंपनी को किनारे करते हुए अपना गिरोह बना लिया। लोगों की जमीन कब्जाने के साथ ही सरकारी जमीनों को बेचने लगा। उसका रुतबा एक नेता से नजदीकी बढ़ाने के बाद ज्यादा बढ़ गया, इसके बाद उसने पीछे मुड़ कर नहीं देखा।
पांच वर्षों में बनाई अकूत संपत्ति, पोनी रोड पर मॉल बनाने की थी तैयारी
गैंगस्टर गिरिजा शंकर मिश्रा पांच वर्षों में अकूत संपत्ति का मालिक बन चुका है। सूत्रों के मुताबिक वह कानपुर के जाजमऊ के बड़े भूमाफिया व गैंगस्टर नसीम व नौशाद लारी के संपर्क में भी कुछ दिनों तक रहा है। इसके बाद एक के बाद एक उसने पोनीरोड, कटरी पीपरखेड़ा, मझरा पीपरखेड़ा ग्राम सभा स्थित कई जमीनों को खरीदा। हाल में ही पोनीरोड में करोड़ों की कीमत की जमीन खरीद कर वहां मॉल बनाने की तैयारी में था। इसके अलावा कानपुर और लखनऊ के आस पास भी कई अचल संपत्ति होने की बात चर्चा में है। गिरिजा के गिरोह में लगभग आधा सैकड़ा लोग शामिल है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि शामिल लोगों की सूची बनाई जा रही है। जल्द ही रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की जा सकती है।