Kanpur: कुत्तों के हमले में घायल हुआ राष्ट्रीय पक्षी मोर, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के कुलगांव में शुक्रवार शाम कुत्तों के हमले में एक मोर घायल हो गया। ग्रामीणों ने समय रहते कुत्तों को भगाकर मोर की जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल मोर का रेस्क्यू कर उपचार के लिए अपने साथ ले गई।
विस्तार
कानपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगांव में शुक्रवार शाम एक राष्ट्रीय पक्षी मोर पर आवारा कुत्तों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने समय रहते कुत्तों को खदेड़कर मोर की जान बचाई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल मोर को अपने संरक्षण में लेकर प्राथमिक उपचार और बेहतर देखभाल के लिए रेस्क्यू कर केंद्र भेज दिया है।
ग्रामीणों ने भगाए कुत्ते, पुलिस और वन विभाग को दी सूचना
महाराजपुर थाने के चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 06 बजे कुलगांव निवासी सियाराम पुत्र मोहनलाल ने पुलिस को सूचना दी कि गांव में आवारा कुत्तों ने एक मोर को घेरकर घायल कर दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुत्तों को मौके से भगा दिया था। इसके बाद तत्काल वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी दी गई।
वन विभाग की टीम ने किया प्राथमिक उपचार
घटना की सूचना पाते ही वन विभाग से कृष्ण कुमार कुशवाहा अपनी टीम के साथ कुलगांव पहुंचे। टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल मोर का प्राथमिक निरीक्षण किया और उसके घावों को देखकर उपचार शुरू किया।
इसके बाद वन विभाग की टीम मोर को सुरक्षित तरीके से अपने साथ ले गई। अधिकारियों के अनुसार मोर का इलाज किया जा रहा है और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।