रील का खूनी शौक: फर्रुखाबाद में चलती ट्रेन से गिरा यात्री, शरीर के हुए कई टुकड़े, स्टाफ ने स्टेशन पहुंचाया शव
Farrukhabad News: आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस में रील बनाते समय एक युवक ट्रेन से नीचे गिरकर कट गया। शव के टुकड़े बटोरने के लिए ट्रेन 45 मिनट तक खड़ी रही, फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में आगरा से कोलकाता जा रही साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन में रील बनाते समय एक यात्री गिर गया। ट्रेन के नीचे आने से उसकी कटकर मौत हो गई। शरीर के कई टुकड़े होने से ट्रेन स्टाफ को उठाने में समय लगने से पौन घंटे तक ट्रेन मौके पर ही खड़ी रही। आगरा कैंट से कोलकाता जा रही साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार सुबह 10.15 बजे के करीब हथियापुर रेलवे क्रासिंग से गुजरी।
उसी समय एक डिब्बे में सवार युवक काफी देर से खिड़की के पास लटककर रील बना रहा था। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के अर्रापहाड़पुर सब्जी मंडी के पास यात्री ट्रेन से नीचे गिर गया। कुछ ही देर में उसके शरीर के कई टुकड़े हो गए। इसकी सूचना मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन में चल रहे सुरक्षा कर्मी और गार्डों ने करीब पौन घंटे में काफी दूर तक फैले शरीर के अंगों को एकत्रित करके डिब्बे में रखा।
शव मोर्चरी में रखवा दिया गया
इसके बाद उसे फर्रुखाबाद स्टेशन पर जीआरपी को मेमो के साथ दे दिया। दूसरे डिब्बे में सवार कासगंज जिले के थाना पटियाली के गांव प्यारमपुर निवासी रामेश्वर ने बताया कि जो युवक ट्रेन से कटा है, उसे रील बनाते कुछ देर पहले ही देखा था। आशंका है कि सुबह सर्द हवा में रील बनाने के चक्कर में ही वह गिर गया। घटनास्थल मऊदरवाजा क्षेत्र होने के कारण थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। चेहरा से नहीं पहचाना जा सकता। कपड़े रख लिए जाएंगे।