Orai: सिलबट्टे से सिर कुचलकर वृद्धा की हत्या, चारपाई में पड़ा मिला रक्तरंजित शव, जांच में जुटी पुलिस
Orai News: कोंच कोतवाली क्षेत्र के भदेवरा गांव में सिलबट्टे से सिर कुचलकर वृद्धा की हत्या कर दी गईञ उसका शव चारपाई में रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिला है।
विस्तार
उरई में कोंच कोतवाली क्षेत्र के भदेवरा गांव में गुरुवार की रात घर में घुसे हमलावरों ने वृद्धा की सिलबट्टे से सिर कुचलकर हत्या कर दी। सुबह जब उसकी नातिन सोकर जागी, तो चारपाई पर दादी का शव रक्तरंजित हालत में पड़ा देखा उसकी चीख निकल गई। सूचना पर सीओ परमेश्वर प्रसाद कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के भदेवरा गांव निवासी परमा देवी (75) पत्नी बाबू राम गुरुवार की रात नातिन पल्लवी के साथ घर में मौजूद थीं। रात के समय अज्ञात हमलावर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और आंगन में रखे सिलबट्टे से परमा देवी पर हमला कर दिया। उनका सिर बुरी तरह से कुचल दिया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
सुबह जब नातिन पल्लवी जाटव उठी, तो उसने खून से लथपथ अपनी दादी को मृत अवस्था में देखा। यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ी और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पल्लवी के पिता के साथ पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है।