Orai: पिता ने खुद को तमंचे से गोली मारी…मौत, बेटी के परीक्षा में कम नंबर आने से थे नाराज, जांच में जुटी पुलिस
Orai News: उरई में एक पिता ने अपनी बेटी के इंटरमीडिएट परीक्षा में कम नंबर आने से तनाव में आकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि दोबारा जांच में भी नंबर कम आने से वह काफी नाराज थे, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विस्तार
उरई जिले में एक व्यक्ति ने खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुन पत्नी नीचे पहुंची, तो खून से लथपथ हालत में पति को देख उसकी चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। परिजनों का कहना है कि बेटी के परीक्षा में कम नंबर आने से वह नाराज था। इसी से तनाव के चलते उसने आत्महत्या की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी कमलाकांत दोहरे (47) ने शनिवार की रात खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह अपनी शिक्षक पत्नी शशि दोहरे व पुत्र अंश व पुत्री मान्या के साथ रहते थे। परिजनों ने बताया कि वह खाना खाने के बाद टहलने रहे, परिजन ऊपर कमरों में चले गए। तभी उन्होंने आत्महत्या कर ली।
कम नंबर आने से थे तनावग्रस्त
बताया कि इंटर की परीक्षा में उनकी बेटी के कम नंबर आए थे। इस पर परिजनों ने उसकी स्कूटनी कराई थी। कुछ दिन पहले उसका रिजल्ट आया, तो उसमें भी नंबर कम आए। इससे वह नाराज हो गए और तनाव में आ गए। परिजनों का कहना है कि उन्होंने यहां तक कहा कि उनकी बेटी उनके लिए मर गई है। वह अब सुबह अपने बाल मुंडवा लेंगे। इसी के चलते उन्होंने आत्महत्या की है। कोतवाल का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।