Jalaun: पशुबाड़े में वृद्ध महिला की हत्या, सिर पर थे चोट के निशान, परिजनों ने नहीं दी है तहरीर
डकोर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पशुबाड़े में सो रही वृद्ध महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उनके सिर में चोट का गहरा निशान था, जिससे सिर पर प्रहार कर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जालौन जिले के डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा निवासी वृद्धा तजिया 70 वर्ष पत्नी स्व. घनश्याम राजपूत घर से 50 मीटर दूर पशुबाड़े में ही रहती थी। सोमवार रात को वह खाना खाकर सो गई थी। मंगलवार की सुबह उसका खून में लथपथ शव पशुबाड़े में ही मिला।
वृद्धा के सिर में चोट थी, जो खून से सनी थी। जबकि कोई सामान भी चोरी नहीं हुआ है। बुजुर्ग महिला पशुबाड़े में अकेली रहती थी। मंगलवार को सुबह उसकी बहू ममता जानवरों का उसारपात करने पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद था।
ममता के कहने पर मृतका के नाती ने पीछे से कच्ची दिवाली फांद कर अंदर पहुंचा, तो नजारा देख दंग रह गया। दरवाजा खोला गया, तो बाकी परिवार के लोग भी पशुबाड़े में दाखिल हुए। वृद्धा की हत्या को लेकर डकोर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष समीर कुमार सिंह घटना स्थल की जांच कर ही रहे थे। इसी बीच अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी और सीओ सिटी राम सिंह भी पहुंच गए। एएसपी असीम चौधरी ने कहा वृद्धा की हत्या करने वाले हमलावरों को शीघ्र पकड़ा जाएगा। महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है।
मृतका के जगदीश, गया प्रसाद और विजय पाल तीन पुत्र हैं। पुलिस का कहना है कि अभी मृत बुजुर्ग महिला के परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक समीर कुमार सिंह ने बताया कि 70 वर्षीय महिला का शव मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।