UP: अब ‘बाहुबली’ ने तोड़ा दम, डेढ़ साल से चल रहा था बीमार, आईवीआरआई बरेली के विशेषज्ञ करेंगे पोस्टमार्टम
Etawah News: सफारी में बीमार चल रहे बाहुबली की हालत नाजुक थी। उसने खाना बिल्कुल छोड़ दिया था। बाहुबली को बचाने के लिए सफारी प्रबंधन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
विस्तार
इटावा जिले में डेढ़ साल से बीमार सफारी पार्क के बब्बर शेर बाहुबली की मंगलवार की शाम मौत हो गई। उसका सफारी के अस्पताल में इलाज चल रहा था। 15 जनवरी 2018 को बाहुबली का जन्म सफारी में ही हुआ था। वह शेरनी जेसिका और शेर मनन की संतान था।
डिप्टी डायरेक्टर ने बताया है कि बाहुबली मेगा कोलन बीमारी से पीड़ित था। उसका उपचार मथुरा वेटनरी कॉलेज के विशेषज्ञ डॉ. आरपी पांडे और डॉ. मुकेश श्रीवास्तव के परामर्श के अनुसार चल रहा था। 10 नवंबर को उसकी हालत ज्यादा खराब हो गई थी।
न खाने-पीने की वजह से 23 नवंबर को पिछले पैरों से खड़े होने में असमर्थ हो गया। सात दिसंबर को सफारी पार्क के पशु चिकित्सालय में स्थानांतरित किया गया। इलाज के लिए गुजरात की विशेषज्ञ डॉ. भुवा सहित मथुरा बरेली तथा कानपुर की डॉक्टर से सहयोग लिया जा रहा था।
आईवीआरआई बरेली के विशेषज्ञ करेंगे पोस्टमार्टम
मंगलवार की शाम 6 :15 बजे उसकी मौत हो गई। आईवीआरआई बरेली के विशेषज्ञों से बाहुबली का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बता दें कि सफारी में बीमार चल रहे बाहुबली की हालत नाजुक थी। उसने खाना बिल्कुल छोड़ दिया था। बाहुबली को बचाने के लिए सफारी प्रबंधन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
सफारी के अस्पताल में चल रहा था इलाज
हालांकि, उसकी हालत में सुधार नहीं हो पा रहा था। आईवीआरआई बरेली तथा मथुरा वेटनरी के विशेषज्ञ भी कई बार बाहुबली की सेहत सुधारने के प्रयास कर चुके थे, लेकिन कोई फायदा नहीं मिल सका। बाहुबली को सफारी के अस्पताल में इलाज चल रहा था।