यूपी: सीएम के पास विभाग आते ही एयरपोर्ट टर्मिनल को एनओसी, जल्द शुरू होगा नया टर्मिनल
कानपुर में चकेरी एयरपोर्ट के न्यू टर्मिनल बिल्डिंग को बनाने का रास्ता साफ हो गया है और चल रही टालमटोली पर अंकुश लग गया है। इस पर सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की पैरवी का असर हुआ है। यही कारण है कि नई टर्मिनल बिल्डिंग को लेकर रक्षा मंत्रालय से एनओसी मिल गई है।
विस्तार
नागरिक उड्डयन विभाग का जिम्मा स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पासर होने से चकेरी एयरपोर्ट के न्यू टर्मिनल बिल्डिंग को बनाने में हो रही हीलाहवाली पर अंकुश लग गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की पैरवी का असर यह हुआ है कि रक्षा मंत्रालय ने टर्मिनल के लिए टैक्सी लिंक रास्ता और अंडरग्राउंड केबल डालने के लिए करीब एक साल से रुकी हुई एनओसी जारी कर दी है।
अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी होने की जानकारी एयरपोर्ट निदेशक बीके झा ने महाना को दी। इसी के साथ 15 अगस्त तक इस टर्मिनल बिल्डिंग को पूरा करने की अंतिम समय सीमा निर्धारित की गई है। अब तक 61 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम और कुछ प्राइवेट कंपनियों के काम में लापरवाही की वजह से देरी हुई है।
रनवे से एपरॉन तक का टैक्सी लिंक वे बनेगा निर्माणाधीन एयरपोर्ट के रनवे पर उतरने वाली फ्लाइटों को एपरॉन तक ले जाने के लिए टैक्सी लिंक रास्ता बनाने का काम रक्षा मंत्रालय की अनुमति न मिलने से रुका हुआ था।
इसके अलावा रनवे और आसपास के इलाके में प्रकाश के लिए दो अंडरग्राउंड केबल डालने के लिए भी एनओसी मिल गई है। रक्षा मंत्रालय की जमीन पर निर्माण के लिए एनओसी मंत्रालय को ही देनी थी। मजबूत पैरवी न होने की वजह से काम अटका था। इसके पहले नागरिक उड्डयन विभाग के मंत्री नंद गोपाल नंदी थे, उनके दो बार निरीक्षण करने और समय पर काम पूरा करने की चेतावनी का असर राज्य निर्माण निगम तक पर नहीं हुआ था। विभाग मुख्यमंत्री के पास आते ही काम ने तेजी पकड़ ली है।
नए टर्मिनल से होगा कई फ्लाइटों का संचालन
एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के प्रभारी अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पिछले दिनों मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने टर्मिनल के निर्माण से संबंधित विभागों और ठेकेदारों और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अफसरों के साथ बैठक की थी। इसमें अगस्त तक काम पूरा करने का सभी विभागों ने भरोसा दिया था। इसके बाद ही 15 अगस्त इस टर्मिनल को पूरा करने की डेडलाइन रखी गई है। एयरपोर्ट का नया टर्मिनल चालू होते ही कई फ्लाइटों का संचालन यहां से होने लगेगा।