Kanpur: संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, मायके पक्ष के लोगों का हंगामा…प्रताड़ना और हत्या का आरोप
Kanpur News: नरौरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
विस्तार
कानपुर में सरसौल के नरौरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा काटा। नरौरा गांव के रहने वाले सुधीर (28) पुत्र कमलेश कुशवाहा का विवाह ग्राम तिलशहरी थाना महाराजपुर की रहने वाली कविता पुत्री राम सजीवन कुशवाहा के साथ दिसंबर 2023 को हुआ था।
नवविवाहिता के चाचा रामाआसरे कुशवाहा ने बताया कि विवाह के मात्र दस महीने हुए थे। उसमें कविता ज्यादातर अपने मायके में ही रह रही थी। विवाह के बाद से दहेज में कूलर और कुर्सी न मिलने की वजह से आए दिन मारपीट होती थी। लगभग तीन माह बाद ही नवरात्रि में कविता ससुराल आई थी।
पिता राम सजीवन कुशवाहा ने बताया कि बेटी की शादी गांव में कर्ज लेकर की थी और लोगों का कर्ज भरने के लिए खेत भी बेचना पड़ा था। वहीं, बहन गुड्डन ने बताया कि बुधवार की रात्रि नौ बजे कविता से बात हुई थी। उसने बताया था कि खाना पीना खाकर सोने जा रही हूं। कुछ परेशान सी थी।
छोटे भाई ने बताया, भाभी छत पर गिर गई हैं
मामले में थानाध्यक्ष नर्वल राजेश सिंह ने बताया सुधीर अपने पिता के साथ कबाड़ खरीदने का काम करता है। घटना के वक्त घर पर पिता कमलेश, सुधीर और छोटा भाई हिमांशु सो रहे थे। मृतका के पति सुधीर ने बताया कि वह सो रहा था। तीन बजे के लगभग छोटे भाई ने जानकारी दी कि भाभी छत पर गिर गई हैं और बेहोश हैं।
पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचे थे ससुराली
सुधीर ने मृतका के भाई बृजकिशोर को जानकारी दी और कविता को रक्षा हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया सास सरला मंगलवार को अपनी बेटी के यहां बहनाहरी गांव घाटमपुर छठी कार्यक्रम में गई थी। घटना के बाद ही वापस गांव आई है।
मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा काटा
मायके पक्ष के लोगों ने पति सुधीर ,ससुर कमलेश तथा ननद बबिता पर प्रताड़ित करने तथा हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं। मायके पक्ष के लोगों ने सुधीर के घर जमकर हंगामा काटा। मौके पर मौजूद पुलिस द्वारा लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया गया।