बांदा में नवविवाहिता ने किया सुसाइड: शादी के अगले दिन ही खाया जहर, दो दिन बाद मेडिकल कॉलेज में हुई मौत
कालिंजर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने शादी के अगले दिन ही जहर खा लिया, जिसकी दो दिन बाद मेडिकल कॉलेज में मौत हो गया। मृतका की सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी हुई थी। वहीं,परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके हैं।
विस्तार
बांदा जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी करने के बाद दूसरे दिन नवविवाहिता ने अपने मायके में जहरीला पदार्थ खा लिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दो दिन बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कालिंजर थाना क्षेत्र के छिछन सढ़ा गांव निवासी रामदेवी (20) की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बांदा में सम्मेलन में 16 फरवरी को नरैनी कोतवाली क्षेत्र के करतल गांव निवासी श्रीविशाल के साथ हुई थी। रामदेवी की विदाई 10 मई को होनी थी।
पिता सुदामा प्रसाद ने बताया कि शादी के अगले दिन 17 फरवरी की रात उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के वक्त वह अलग कमरे में था। उसके छोटे पुत्र ने बताया कि दीदी का पेट दर्द हो रहा है। पिता ने उससे पूछा तो उसने जहर खाने की बात बताई।
मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
पिता ने उसे नरैनी सीएचसी में पहुंचाया। वहां से बांदा जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में आराम न मिलने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। शनिवार की शाम रामदेवी ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया।
परिजन नहीं बता सके मौत का कारण
पिता ने बताया कि वह बेलदारी करते हैं। तीन पुत्रियों और दो पुत्रों में वह सबसे बड़ी थी। उसने जहर क्यों खाया। इसकी जानकारी उसे नहीं है। कालिंजर थानाध्यक्ष नरेश प्रजापति ने बताया कि परिजन कारण नहीं बता पा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।